गरोठ। देथली बुजुर्ग बस स्टैंड पर बुधवार सुबह हुए सड़क हादसे में एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान प्रदीप पिता प्रभुलाल मेघवाल के रूप में हुई है। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, प्रदीप बस स्टैंड पर अपनी मोटरसाइकिल को साइड स्टैंड पर खड़ा कर रहा था। इसी दौरान साइड स्टैंड ठीक से नहीं लगने के कारण वह मोटरसाइकिल सहित सड़क से गुजर रही ट्रैक्टर-ट्रॉली के नीचे जा गिरा। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर मौजूद लोगों ने उसे तत्काल गरोठ सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने मामला जांच में लिया-
घटना की सूचना मिलने पर गरोठ पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की विवेचना कर रही है। वहीं, शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंपने की प्रक्रिया की जा रही है।
गरीब परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़-
प्रदीप के पिता प्रभुलाल मेघवाल मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। परिवार में तीन बेटे हैं और प्रदीप भी मजदूरी का काम करता था। युवक की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना से परिजनों और क्षेत्रवासियों में शोक व्याप्त है।