नीमच। मध्यप्रदेश में अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) को 27 प्रतिशत आरक्षण बहाल करने, जातिगत जनगणना कराने तथा 13 प्रतिशत होल्ड से प्रभावित अभ्यर्थियों को राहत देने की मांग को लेकर ओबीसी महासभा ने शुक्रवार को कलेक्टोरेट पर प्रदर्शन किया। महासभा के सदस्यों ने नारेबाजी करते हुए मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा और मांगों पर शीघ्र कार्रवाई की अपील की।
प्रदर्शन के दौरान ओबीसी महासभा के सदस्य हाथों में मांगों से संबंधित तख्तियां लेकर कलेक्टर कार्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने अपनी मांगों के समर्थन में आवाज बुलंद करते हुए प्रदेश सरकार से ओबीसी वर्ग के हित में प्रभावी कदम उठाने की मांग की।
महासभा के राष्ट्रीय महासचिव डॉ. बृजेंद्र सिंह यादव ने कहा कि प्रदेश में ओबीसी वर्ग को 27 प्रतिशत आरक्षण का लाभ दिलाने के लिए सरकार को प्रभावी कानूनी पैरवी करनी चाहिए। साथ ही, 13 प्रतिशत आरक्षण होल्ड होने के कारण प्रभावित अभ्यर्थियों की समस्याओं का जल्द समाधान कर उन्हें राहत प्रदान की जानी चाहिए।
महासभा ने ओबीसी वर्ग का वैज्ञानिक सामाजिक एवं आर्थिक सर्वेक्षण कराने, सरकारी सेवाओं में इस वर्ग की भागीदारी से संबंधित आंकड़े जुटाने तथा आगामी जनगणना में जातिगत गणना को शामिल करने की मांग भी उठाई।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि ओबीसी वर्ग को उसके अधिकारों का लाभ दिलाने के लिए सरकार को मांगों पर गंभीरता से विचार कर आवश्यक कदम उठाने चाहिए। ज्ञापन के माध्यम से महासभा ने आरक्षण से जुड़े मुद्दों का शीघ्र निराकरण करने की मांग की।