गरोठ। बोलिया-कालाखेड़ा मार्ग पर सड़क के गड्ढों के कारण एक कार अनियंत्रित होकर पलट गई और सड़क किनारे खाई में जा गिरी। हादसे में कार सवार दो लोग घायल हो गए। घटना के बाद घायलों को 112 की मदद से उपचार के लिए गरोठ अस्पताल पहुंचाया गया।
जानकारी के अनुसार, बोलिया और कालाखेड़ा के बीच सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे बने हुए हैं। इसी मार्ग से गुजरते समय कार का संतुलन बिगड़ गया, जिससे कार पलटी खाते हुए सड़क किनारे खाई में जा गिरी। हादसे में विक्रम सिंह निवासी झिड़कियां और बालू सिंह निवासी सुनारी (राजस्थान) घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलने पर 112 की मदद से दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार किया गया।
सड़क के गड्ढे बन रहे हादसों का कारण-
बोलियादृकालाखेड़ा मार्ग की बदहाल स्थिति वाहन चालकों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है। सड़क पर जगह-जगह बने गहरे गड्ढों के कारण दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। इस हादसे ने एक बार फिर सड़क की स्थिति और सुरक्षा इंतजामों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
क्षेत्रवासियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए संबंधित विभाग को सड़क की स्थिति का निरीक्षण कर जल्द मरम्मत करवाने की आवश्यकता है, ताकि वाहन चालकों को राहत मिल सके और भविष्य में इस तरह की दुर्घटनाओं की आशंका कम की जा सके।