सिंगोली। नगर परिषद सिंगोली द्वारा आयोजित 14 दिवसीय दशहरा पर्व का समापन शुक्रवार को भजन संध्या और शनिवार को आर्केस्ट्रा कार्यक्रम के साथ हुआ। दोनों ही आयोजनों में नगर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। भजन संध्या में जहां गायक कलाकार गोकुल शर्मा ने भजनों की शानदार प्रस्तुतियां देकर श्रद्धालुओं को भावविभोर किया, वहीं आर्केस्ट्रा कार्यक्रम में राजस्थानी-मेवाड़ी गीतों और आकर्षक नृत्य प्रस्तुतियों ने दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया।
कार्यक्रम की शुरुआत गणपति वंदना के साथ हुई। इसके बाद रात्रि करीब 10 बजे नगर परिषद अध्यक्ष सुरेश जैन भाया, नगर परिषद उपाध्यक्ष एवं मेला कमेटी अध्यक्ष मोतीलाल धाकड़, पार्षदगण और अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर मां शारदे की पूजा-अर्चना की।
शुक्रवार को आयोजित भजन संध्या में गायक गोकुल शर्मा ने सांवरिया सेठ सहित अन्य भजनों की शानदार प्रस्तुतियां दीं। उनकी प्रस्तुतियों पर श्रोता भक्ति में लीन नजर आए। वहीं, शनिवार को आयोजित आर्केस्ट्रा कार्यक्रम में राजस्थानी-मेवाड़ी गीतों के साथ हास्यप्रद प्रस्तुतियां और डांस ग्रुप द्वारा नए गीतों पर आकर्षक नृत्य प्रस्तुत किए गए। दोनों कार्यक्रमों के दौरान दर्शकों में खासा उत्साह देखने को मिला और देर रात तक लोग कार्यक्रम का आनंद लेते रहे।
आयोजन में नगर के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में महिला-पुरुष, युवक-युवतियां और अन्य दर्शक शामिल हुए। दशहरा पर्व के समापन अवसर पर आयोजित इन सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने उत्सव के माहौल को और भी खास बना दिया।
कार्यक्रम के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस और राजस्व विभाग की ओर से पुख्ता इंतजाम किए गए। थाना प्रभारी शिव रघुवंशी ने अतिरिक्त पुलिस बल की व्यवस्था की, वहीं तहसीलदार ऋषभ ठाकुर ने कोटवारों को व्यवस्था में लगाया। नगर परिषद के प्रभारी सीएमओ ओमप्रकाश शर्मा ने परिषद कर्मचारियों को विभिन्न व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी सौंपी। विद्युत विभाग सहित अन्य विभागों ने भी कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग दिया।
समापन अवसर पर मेला कमेटी अध्यक्ष मोतीलाल धाकड़ एवं उपाध्यक्ष जीवन बलाई ने कार्यक्रम में उपस्थित जनसमुदाय का आभार व्यक्त किया।