सेगांव। दशोरा नागर समाज सेगांव मंडल द्वारा लोनारा रोड स्थित समाज धर्मशाला में शरद पूर्णिमा महोत्सव एवं दशहरा मिलन समारोह का भव्य आयोजन किया गया। समारोह में समाज के पदाधिकारियों, अतिथियों और समाजजनों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण प्रदेशाध्यक्ष डॉ. रविन्द्र मंडलोई और खरगोन जिलाध्यक्ष जयंत गुप्ता का एक मंच पर उपस्थित होना रहा। दोनों पदाधिकारियों ने समाज की एकता और उत्थान के लिए मिलकर कार्य करने का संदेश दिया।
समारोह में प्रदेशाध्यक्ष डॉ. रविन्द्र मंडलोई सपरिवार शामिल हुए। उनके साथ प्रदेश मीडिया प्रभारी एवं पत्रकार जय गुप्ता की टीम ने भी सहभागिता की। इस अवसर पर खरगोन जिलाध्यक्ष जयंत गुप्ता, जिला सचिव दीपक दशोरे, पंकज गुप्ता, विजय गुप्ता और राजेश महाजन ओझर सहित अन्य अतिथि सपरिवार उपस्थित रहे।
भगवान श्री हाटकेश्वर महादेव के पूजन से हुआ शुभारंभ-
कार्यक्रम की शुरुआत समाज के आराध्य भगवान श्री हाटकेश्वर महादेव के चित्र पर माल्यार्पण एवं पूजन के साथ हुई। इसके बाद गणेश वंदना प्रस्तुत की गई। समारोह में नन्हे-मुन्ने बच्चों ने आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।
20 मेधावी बच्चों का सम्मान-
समारोह के दौरान समाज का नाम रोशन करने वाले नगर के 20 मेधावी बच्चों को शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर बच्चों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया गया।
प्रदेश और जिला नेतृत्व ने दिया एकता का संदेश-
अपने उद्बोधन में प्रदेशाध्यक्ष डॉ. रविन्द्र मंडलोई और जिलाध्यक्ष जयंत गुप्ता ने कहा कि प्रदेश एवं जिला इकाई समाज के उत्थान और विकास के लिए कंधे से कंधा मिलाकर कार्य करेगी। उन्होंने समाजजनों से एकजुट होकर सामाजिक गतिविधियों में सहभागिता करने और आपसी समन्वय को मजबूत बनाने का आह्वान किया। दोनों पदाधिकारियों का एक मंच पर उपस्थित होना समारोह का विशेष आकर्षण रहा।
मंडल अध्यक्ष का जन्मदिन भी मनाया-
समारोह में सेगांव मंडल अध्यक्ष दिनेश गुप्ता बाबा का जन्मदिन भी उत्साहपूर्वक मनाया गया। प्रदेश टीम ने उन्हें पुष्पमाला पहनाकर शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम के अंत में मंडल अध्यक्ष दिनेश गुप्ता बाबा ने सभी अतिथियों, पदाधिकारियों और समाजजनों का आभार व्यक्त किया।
शरद पूर्णिमा महोत्सव एवं दशहरा मिलन समारोह ने समाजजनों को आपसी मेल-मिलाप और एकता का अवसर प्रदान किया। कार्यक्रम में समाज के संगठन को मजबूत बनाने तथा सामूहिक प्रयासों से सामाजिक उत्थान की दिशा में आगे बढ़ने का संदेश दिया गया।