देवरी खवासा। शरद पूर्णिमा के पावन अवसर पर देवरी खवासा स्थित चारभुजा नाथ मंदिर में धार्मिक आयोजन किया गया। इस दौरान मंदिर परिसर में भजन-कीर्तन हुए, जिनमें श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। भजनों की गूंज से पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय हो गया।
रात्रि 12 बजे भगवान चारभुजा नाथ की महाआरती की गई। इसके पश्चात श्रद्धालुओं को खीर की प्रसादी वितरित की गई। मान्यता के अनुसार, शरद पूर्णिमा की चांदनी रात में खीर को खुले आसमान के नीचे रखा जाता है और मध्यरात्रि में अमृत वर्षा की आस्था के साथ प्रसादी के रूप में वितरित किया जाता है।
आयोजन में गांव की बड़ी संख्या में महिलाएं, वरिष्ठजन और अन्य श्रद्धालु शामिल हुए। सभी ने भगवान चारभुजा नाथ के दर्शन कर खीर की प्रसादी ग्रहण की और धर्मलाभ लिया। इस आयोजन के चलते मंदिर परिसर में देर रात तक श्रद्धा, भक्ति और आस्था का माहौल बना रहा।