नीमच। जेएसजी आईएफ मध्यप्रदेश रीजन द्वारा नवसृजन के अंतर्गत प्रतिमाह आयोजित की जाने वाली गतिविधियों की श्रृंखला में जेएसजी उड़ान नीमच की ओर से रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। दीपावली पर्व की भव्यता, उल्लास और भारतीय संस्कृति की समृद्ध परंपरा को ध्यान में रखते हुए यह प्रतियोगिता 25 अक्टूबर 2026 को रोटरी डायमंड पार्क में संपन्न हुई।
प्रतियोगिता में ग्रुप के कई सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और आकर्षक रंगोलियां बनाकर अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। रंगों के सुंदर संयोजन और कलात्मक सृजन ने प्रतियोगिता को खास बनाया। महिला सदस्यों के साथ पुरुष सदस्यों ने भी सहभागिता की, जिससे आयोजन और अधिक रोचक बन गया। प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करने के लिए ग्रुप के कई सदस्य उपस्थित रहे।
प्रतियोगिता का निर्णय ग्रुप के मीडिया प्रभारी एवं सक्रिय सदस्य प्रदीप चौधरी ने रंगोली की सुंदरता, रंगों के संयोजन और सृजनात्मकता के आधार पर किया। प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार शिल्पा सहलोत, द्वितीय पुरस्कार अनीता आंचलिया एवं लाड़ली बोड़ावत तथा तृतीय पुरस्कार मंजू सहलोत ने प्राप्त किया। अन्य सभी प्रतिभागियों को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किए गए। विजेताओं को ग्रुप सदस्यों की ओर से नकद राशि देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के अंत में ग्रुप सचिव ने दीपावली की तैयारियों के बीच समय निकालकर प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी सदस्यों, उपस्थितजनों तथा आयोजन को सफल बनाने वाले संयोजक एवं सह-संयोजकों के प्रति आभार व्यक्त किया। इसके बाद सभी सदस्यों ने स्वल्पाहार और चाय का आनंद लिया। इस तरह रंगोली प्रतियोगिता का समापन उत्साहपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में हुआ।