नीमच। सेवा, सहयोग और समर्पण की भावना को साकार करते हुए भारत विकास परिषद, मुख्य शाखा नीमच ने अपने 21वें स्थापना दिवस पर सेवा भारती छात्रावास, विकास नगर में स्वास्थ्य एवं सेवा कार्यक्रम आयोजित किया। रविवार को आयोजित शिविर में छात्रावास की 55 बालिकाओं का स्वास्थ्य और दंत परीक्षण किया गया। जिला चिकित्सालय के सहयोग से प्राप्त रक्त जांच रिपोर्ट के आधार पर बालिकाओं को चिकित्सकीय परामर्श दिया गया और आवश्यक दवाइयां वितरित की गईं।
स्वास्थ्य शिविर में महिला चिकित्सक डॉ. मनीषा चमड़िया तथा दंत चिकित्सक डॉ. अनूप मंगल और डॉ. राधिका गोयल ने निःशुल्क सेवाएं प्रदान कीं। पूर्व अध्यक्ष अशोक मंगल के सौजन्य से बालिकाओं और स्टाफ सदस्यों को टूथपेस्ट, टूथब्रश सहित डेंटल किट भी वितरित की गईं।
केक काटकर मनाया स्थापना दिवस, चिकित्सकों का सम्मान-
परिषद के 21वें स्थापना दिवस पर अध्यक्ष पुरुषोत्तम गुप्ता, सचिव सतीश गोयल, कोषाध्यक्ष संदीप दरक और पूर्व अध्यक्ष आदित्य मालू सहित सदस्यों ने मिल्क केक काटकर खुशियां साझा कीं। अध्यक्ष पुरुषोत्तम गुप्ता ने शाखा की विकास यात्रा में योगदान देने वाले पूर्व अध्यक्षों, सदस्यों और मातृशक्ति को बधाई दी। वहीं, शिविर में सेवाएं देने वाले तीनों चिकित्सकों का परिषद और सेवा भारती परिवार की ओर से अभिनंदन किया गया।
संस्था के संस्थापक अध्यक्ष अशोक अग्रवाल ने बताया कि 21 वर्ष पूर्व शाहपुरा पीठाधीश्वर 1008 पूज्य श्री रामदयालजी महाराज के सानिध्य में संस्थापक संयोजक स्वर्गीय डॉ. कमल चोरड़िया सहित 66 सदस्यों ने शाखा की स्थापना की थी। आज यह शाखा वटवृक्ष का रूप ले चुकी है। उन्होंने बताया कि नगर में परिषद की तीन शाखाओं के 300 से अधिक सदस्य संपर्क, सहयोग और संस्कार के मूल मंत्र के साथ सेवा गतिविधियां संचालित कर रहे हैं। नीमच शाखा ने मध्य भारत पश्चिम प्रांत, मध्य क्षेत्रीय रीजन और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई है।
छात्रावास को भेंट कीं पांच कंप्यूटर टेबल-
कार्यक्रम के दौरान परिषद अध्यक्ष पुरुषोत्तम गुप्ता ने शाखा की ओर से सेवा भारती छात्रावास को पांच नए कंप्यूटरों के उपयोग के लिए पांच कंप्यूटर टेबल भेंट कीं। इसके बाद पूर्व अध्यक्षों और सदस्यों की उपस्थिति में कंप्यूटर कक्ष में पूजा-अर्चना कर पांच नए कंप्यूटरों का शुभारंभ किया गया।
शरद पूर्णिमा के अवसर पर स्वास्थ्य परीक्षण के बाद छात्रावास की बालिकाओं, सेवा भारती परिवार और परिषद सदस्यों ने खीर एवं सामूहिक सहभोज का आनंद लिया।
कार्यक्रम का संचालन मनोज माहेश्वरी और सुशील गट्टानी ने किया, जबकि आभार सेवा भारती के सचिव सी.के. शर्मा ने व्यक्त किया।
आयोजन में परिषद के सह सचिव सुनीश चौरड़िया सहित संजय डांगी, मधुसूदन खंडेलवाल, कमल गोयल, अशोक मंगल, पंकज दुबे, दिनेशचंद्र मुजावदिया, राजेश गट्टानी, रवि पोरवाल, संतोष खंडेलवाल, शिखर जैन, अरविंद गोयल, राजेश जायसवाल, बनवारीलाल अग्रवाल, सुनील जाधव, कृष्णगोपाल सिंहल, प्रशांत मित्तल, गोविंद कारा, आशीष मित्तल, कमल धनोतिया, शांतिलाल पोरवाल और एन.एस. चौहान सहित परिषद सदस्य उपस्थित रहे।
सेवा भारती अध्यक्ष ओमप्रकाश अग्रवाल, पालक नारायण सिंह राठौर, सचिव सी.के. शर्मा, सह सचिव राजेश जायसवाल, दिनेश परियानी, सुरेंद्र जैन, ललित अग्रवाल, शिवा मित्तल और सरिता दीदी सहित अन्य पदाधिकारियों ने भी सहभागिता की। उक्त जानकारी परिषद के मीडिया प्रभारी मनोज माहेश्वरी ने दी।