मंदसौर। सकल जैन समाज मंदसौर द्वारा रविवार को कुशाभाऊ ठाकरे ऑडिटोरियम में आयोजित सम्मान समारोह में स्वर्गीय अजीत कुमार लोढ़ा के सामाजिक योगदान और संगीत के माध्यम से प्रभु भक्ति के क्षेत्र में उनके अविस्मरणीय कार्यों को श्रद्धापूर्वक याद किया गया। समाज की ओर से उनके सम्मान में प्रशस्ति पत्र भेंट कर उनके प्रति आदर और कृतज्ञता व्यक्त की गई।
प्रशस्ति पत्र सांसद सुधीर गुप्ता, सकल जैन समाज के अध्यक्ष लोकेन्द्र जैन गोटावाला और संयोजक सुरेन्द्र लोढ़ा ने स्व. अजीत कुमार लोढ़ा के सुपुत्र लोकेन्द्र लोढ़ा, धर्मपत्नी रीता लोढ़ा एवं पौत्र सीए तनिष्क लोढ़ा को सौंपा।
समाज की ओर से तैयार प्रशस्ति पत्र में स्व. लोढ़ा के सामाजिक योगदान, धार्मिक गतिविधियों के प्रति उनकी निष्ठा, साधु-संतों की सेवा में अग्रणी भूमिका और उनके प्रेरणादायी जीवन का उल्लेख किया गया। सकल जैन समाज के अध्यक्ष लोकेन्द्र जैन ने कहा कि स्व. लोढ़ा का जीवन त्याग, सेवा, संस्कार और सामाजिक समरसता का संदेश देता है। समाज के प्रति उनका समर्पण और उनके द्वारा किए गए कार्य सदैव स्मरणीय रहेंगे।
समारोह में समाज के गणमान्यजन रहे उपस्थित-
कार्यक्रम में सांसद सुधीर गुप्ता, विधायक विपिन जैन, सकल जैन समाज के संयोजक सुरेन्द्र लोढ़ा, नगर पालिका अध्यक्ष रामादेवी गुर्जर, उपाध्यक्ष नम्रता चावला, साहित्य परिषद के सचिव डॉ. ज्ञानचंद खिमेसरा, चिकित्सा प्रकोष्ठ सदस्य डॉ. आशीष खिमेसरा, समाजसेवी घनश्याम बटवाल, विजय सुराना, दिलीप लोढ़ा, शांतिलालजी बड़जात्या, डॉ. गुणमाला खिमेसरा, संजय मुरड़िया, मनीष सेठी, प्रताप कोठारी, शेखर कासमा, तलेरा, शैलेन्द्र भंडारी और मनोज जैन मारुति सहित सकल जैन समाज के पदाधिकारी, पूर्व अध्यक्ष, महिला प्रकोष्ठ की पदाधिकारी एवं समाज के गणमान्यजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन श्रीमती अंजलि अंकुश जैन ने किया।