खरगोन। व्यापारी संघ मंडलेश्वर के निर्वाचन वर्ष 2026-28 के चुनाव को लेकर नगर में सरगर्मियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में अध्यक्ष पद के लिए पत्रकार राजेश पंवार ने अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। उनके नामांकन के बाद व्यापारियों के बीच चुनाव को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
नामांकन दाखिल करने के बाद राजेश पंवार ने कहा कि व्यापारियों के हितों की रक्षा करना, उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना और व्यापारी संघ को अधिक मजबूत एवं संगठित बनाना उनकी प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने व्यापारियों से सहयोग, आशीर्वाद और समर्थन की अपील करते हुए संघ को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का संकल्प व्यक्त किया।
वहीं, कुछ व्यापारियों ने राजेश पंवार के समर्थन में अपनी बात रखते हुए कहा कि वे व्यापारियों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने और उनके समाधान के लिए प्रयास करने में सक्षम हैं। चुनाव को लेकर व्यापारियों में उत्साह और उत्सुकता का माहौल है।
1 नवंबर को होगा मतदान-
निर्वाचन समिति द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार, नामांकन पत्र प्राप्त करने और जमा करने की प्रक्रिया 26 से 28 अक्टूबर 2026 तक कार्यालय अग्रवाल बस सर्विस, श्री ओमप्रकाश अग्रवाल के कार्यालय, मंडलेश्वर में होगी। नामांकन जमा करने की अंतिम समय-सीमा 28 अक्टूबर को शाम 5 बजे तक निर्धारित की गई है।
29 अक्टूबर को नामांकन पत्रों की जांच होगी, जबकि 30 अक्टूबर को दोपहर 3 बजे तक लिखित आवेदन के माध्यम से नाम वापस लिए जा सकेंगे। इसके बाद अंतिम उम्मीदवारों की सूची जारी की जाएगी। 31 अक्टूबर को चुनाव प्रचार होगा।
मतदान 1 नवंबर 2026, रविवार को अग्रवाल धर्मशाला, कमल विहार कॉलोनी, मंडलेश्वर में सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक होगा। मतदान समाप्त होने के तुरंत बाद दोपहर 3रू15 बजे से मतगणना शुरू होगी और परिणाम घोषित किए जाएंगे।
निर्वाचन समिति ने सभी सदस्यों से चुनाव प्रक्रिया के दौरान शांति और अनुशासन बनाए रखने की अपील की है। मतदान के दिन दोपहर में चाय एवं स्वल्पाहार तथा शाम 5 बजे भोजन की व्यवस्था भी रखी गई है।