मंदसौर। जिले के मल्हारगढ़ विधानसभा क्षेत्र में मंगलवार को स्कूली बच्चों से भरी एक तूफान गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हो गई। लुवारी और रिंडा गांव के बीच हुए इस हादसे में जीनियस स्कूल के कई बच्चे और वाहन चालक घायल हो गए। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, वाहन बबूल के पेड़ से टकराने के बाद अनियंत्रित होकर खाई में उतर गया।
हादसे के बाद घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां पांच बच्चों और वाहन चालक का उपचार जारी है। वहीं, एक बच्ची की गंभीर हालत को देखते हुए उसे बेहतर उपचार के लिए उदयपुर रेफर किया गया है। हादसे में घायल बच्चों की वास्तविक संख्या की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।
डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा ने लिया संज्ञान
घटना की जानकारी मिलने के बाद प्रदेश के उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर हादसे पर चिंता जताई। उन्होंने बताया कि दुर्घटना में सात बच्चों और वाहन चालक के घायल होने की जानकारी मिली है। उन्होंने जिला कलेक्टर सहित संबंधित अधिकारियों से चर्चा कर घायलों के लिए पर्याप्त उपचार व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
डिप्टी सीएम ने बच्चों सहित सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना भी की।
अस्पताल पहुंचे पुलिस अधिकारी
हादसे की सूचना मिलते ही एसडीओपी गिरीश जेजुरकर और अफजलपुर थाना प्रभारी विकास गहलोत जिला अस्पताल पहुंचे। अधिकारियों ने घायलों के स्वास्थ्य और उपचार की जानकारी ली। घटना के बाद क्षेत्र में चिंता का माहौल है।
फिलहाल दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसकी विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है। पुलिस और प्रशासन की ओर से घायलों की संख्या तथा हादसे के कारणों की पुष्टि का इंतजार है।