नीमच। पति की लंबी उम्र, सुखी वैवाहिक जीवन और अखंड सौभाग्य की कामना के साथ सुहागिन महिलाएं करवाचौथ का पर्व मनाने की तैयारियों में जुटी हैं। गुरुवार को मनाए जाने वाले इस पर्व को लेकर नीमच के बाजारों में रौनक बढ़ गई है। महिलाएं करवे, छलनी, पूजा की थाली और व्रत से जुड़ी अन्य सामग्री की खरीदारी कर रही हैं।
नीमच के टैगोर मार्ग पर करवाचौथ की खरीदारी के लिए महिलाओं की अच्छी-खासी भीड़ देखने को मिल रही है। यहां करीब 60 से 70 दुकानों पर करवे और पूजा सामग्री की बिक्री हो रही है। खास बात यह है कि इस बार लाल रंग के करवों की मांग भी दिखाई दे रही है। महिलाएं अपनी पसंद और परंपरा के अनुसार पूजा की सामग्री खरीदकर पर्व की तैयारियों को अंतिम रूप दे रही हैं।
आस्था, परंपरा और सुहाग के प्रतीक इस पर्व को लेकर महिलाओं में खासा उत्साह है। कोई पूजा की थाली सजा रहा है, तो कोई व्रत से जुड़ी आवश्यक वस्तुओं की खरीदारी में जुटा है। बाजार में बढ़ती चहल-पहल से दुकानदारों में भी उत्साह नजर आ रहा है।
इसी क्रम में वॉईस ऑफ एमपी न्यूज चैनल के चीफ रिपोर्टर मुश्ताक अली शाह ने टैगोर मार्ग पहुंचकर खरीदारी करने आई महिलाओं और दुकानदारों से खास बातचीत की। बातचीत के दौरान महिलाओं ने करवाचौथ के व्रत में करवे के धार्मिक महत्व के बारे में अपने विचार साझा किए, वहीं दुकानदारों ने बाजार में खरीदारी की स्थिति और लाल रंग के करवों की मांग को लेकर जानकारी दी।
करवाचौथ पर करवे का क्या है धार्मिक महत्व? लाल रंग के करवों को लेकर महिलाओं में क्यों है खास पसंद? और इस बार बाजार में कैसी है खरीदारी की स्थिति? इन तमाम सवालों के जवाब जानने के लिए देखिए नीमच के टैगोर मार्ग से टीम जे की यह खास ग्राउंड रिपोर्ट, जिसमें महिलाओं और दुकानदारों ने कैमरे पर अपनी बात रखी।