छतरपुर। जिले के सिविल लाइन थाने में पदस्थ सहायक उपनिरीक्षक (ASI) सीताराम अहिरवार का कथित तौर पर 2 हजार रुपये लेते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में एएसआई रुपये लेते और उन्हें अपने बैग में रखवाते हुए नजर आ रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया।
मामले को गंभीरता से लेते हुए छतरपुर पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा ने तत्काल कार्रवाई की। एसपी के निर्देश पर एएसआई सीताराम अहिरवार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर लाइन अटैच कर दिया गया है।
वायरल वीडियो में रुपये लेने के पीछे की वास्तविक परिस्थितियां अभी स्पष्ट नहीं हैं। मामले में घटना की सच्चाई और पूरे घटनाक्रम की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। इस घटना के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली और जवाबदेही को लेकर सवाल उठ रहे हैं। अब मामले की जांच और आगे की विभागीय कार्रवाई पर नजर रहेगी।