मनावर। नामदेव सकल दर्जी समाज का विशाल युवक-युवती परिचय सम्मेलन आगामी 1 नवंबर, रविवार को धार जिले के मनावर में आयोजित किया जाएगा। नामदेव विकास परिषद भोपाल एवं न्यू निमाड़-मालवा नामदेव समाज टीम मध्यप्रदेश के तत्वावधान में यह आयोजन उमरबन रोड स्थित वेदांत रिसोर्ट में होगा। सम्मेलन में मध्यप्रदेश सहित महाराष्ट्र और गुजरात से करीब तीन हजार समाजजनों के शामिल होने की संभावना है।
धार जिलाध्यक्ष सोनू भगत (मनावर), सम्मेलन प्रभारी राजेंद्र नामदेव (बड़वानी) और विजय चौधरी (सुसारी) ने बताया कि सम्मेलन की व्यवस्थाओं और आयोजन की रूपरेखा को लेकर बैठकें आयोजित की गईं। इस दौरान सम्मेलन के पंपलेट का विमोचन किया गया तथा समाज के अधिक से अधिक परिवारों को आयोजन से जोड़ने की जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
आयोजन समिति के अनुसार, सम्मेलन पूरी तरह निःशुल्क रहेगा। इसमें शामिल होने वाले समाजजनों के लिए नाश्ता, भोजन और चाय की व्यवस्था की गई है। दूर-दराज से आने वाले समाजबंधुओं के ठहरने की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी। इसके साथ ही युवक-युवतियों के पंजीयन, कुंडली मिलान और ड्रेसिंग रूम की व्यवस्था की गई है।
सम्मेलन को लेकर आयोजन समिति के सदस्य विभिन्न जिलों में समाजजनों के घर पहुंचकर पंपलेट और निमंत्रण पत्र देकर आमंत्रित कर रहे हैं। इसी क्रम में नामदेव विकास परिषद के राजेंद्र नामदेव, शैलेंद्र नामदेव (बड़वानी), विजय नामदेव (सुसारी) और सोनू नामदेव (मनावर) ने खरगोन सहित अन्य क्षेत्रों में समाजजनों से संपर्क कर सम्मेलन में शामिल होने का निमंत्रण दिया।
खरगोन जिलाध्यक्ष दीपक नामदेव, उपाध्यक्ष अंतिम वर्मा और जिला मीडिया प्रभारी जयंत नामदेव (केली) ने बताया कि सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य नामदेव समाज के विभिन्न घटकों को एक मंच पर लाना, युवक-युवतियों को परिचय का अवसर उपलब्ध कराना और विवाह में होने वाले अनावश्यक खर्चों पर रोक लगाने के लिए समाज को प्रोत्साहित करना है।
आयोजन समिति ने खरगोन सहित आसपास के जिलों के समाजजनों से अधिक से अधिक संख्या में सम्मेलन में भाग लेकर आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।