नीमच। जिले में अल्प वर्षा के चलते जलसंकट की चिंता बढ़ रही है। इसी बीच हार्कियाखाल डेम से पाइपलाइन के जरिए पानी ले जाकर खेतों में सिंचाई किए जाने का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार, इस बार कम बारिश के कारण डेम में महज 17 फीट पानी जमा हो पाया है। ऐसे में डेम से पानी लेकर करीब 25 खेतों में सिंचाई किए जाने की बात सामने आने के बाद प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की।
मामले की सूचना मिलते ही तहसीलदार जीरन शत्रुचंद चतुर्वेदी, डेम इंचार्ज सुरेश पंवार सहित जलकल विभाग और नगर पालिका की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने कार्रवाई करते हुए डेम से पानी ले जाने के लिए डाली गई पुरानी पाइपलाइन को उखड़वाया।
बताया जा रहा है कि अलग-अलग पाइपलाइनों के माध्यम से डेम का पानी करीब 25 खेतों तक पहुंचाया जा रहा था। अल्प वर्षा के कारण डेम में पानी की उपलब्धता पहले ही कम है। ऐसे में सिंचाई के लिए पानी ले जाने की इस व्यवस्था ने जल प्रबंधन और उपलब्ध जल के उपयोग को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।
अब देखना होगा कि इस मामले में प्रशासन आगे क्या कार्रवाई करता है और डेम से पानी के अनधिकृत उपयोग को रोकने के लिए क्या कदम उठाए जाते हैं। कम बारिश के बीच जलस्रोतों में उपलब्ध पानी का उचित प्रबंधन करना प्रशासन के लिए अहम चुनौती बना हुआ है।