खरगोन। करवा चौथ का पर्व जैसे-जैसे नजदीक आ रहा है, वैसे-वैसे खरगोन के बाजारों में रौनक बढ़ने लगी है। पति की लंबी उम्र और सुखी दांपत्य जीवन की कामना के लिए सुहागिन महिलाएं 29 अक्टूबर को करवा चौथ का व्रत रखेंगी। पर्व को लेकर महिलाओं में खासा उत्साह दिखाई दे रहा है और बाजारों में खरीदारी का दौर शुरू हो गया है।
करवा चौथ को लेकर नगर पालिका कार्यालय के सामने मुख्य मार्ग, एमजी रोड, श्रीकृष्ण टॉकीज तिराहा और पोस्ट ऑफिस चौराहे पर पूजन सामग्री की दुकानें सज गई हैं। इन दुकानों पर दिनभर खरीदारों की आवाजाही बनी हुई है। वहीं, पोस्ट ऑफिस चौराहे सहित गली-मोहल्लों और कॉलोनियों में मेहंदी लगवाने के लिए महिलाओं की भीड़ नजर आने लगी है।
इसके अलावा चूड़ियों, आर्टिफिशियल ज्वेलरी और श्रृंगार के अन्य सामान की दुकानों पर भी चहल-पहल बढ़ गई है। महिलाएं अपनी पसंद के अनुसार खरीदारी कर रही हैं। व्यापारियों के मुताबिक, करवा चौथ के साथ ही बाजारों में त्योहारों की खरीदारी में तेजी आने लगी है। इसे दीपावली से पहले खरीदारी के सीजन की शुरुआत के रूप में भी देखा जाता है।