खरगोन। जिले के कसरावद के ग्राम भिलगांव सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत उचित मूल्य की राशन दुकान पर सर्वर की समस्या उपभोक्ताओं के लिए परेशानी का कारण बन रही है। पिछले चार दिनों से उपभोक्ता राशन प्राप्त करने के लिए दुकान के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन सर्वर डाउन होने के कारण उन्हें समय पर राशन नहीं मिल पा रहा है। हालात यह हैं कि गरीब परिवारों को राशन के लिए अपनी मजदूरी तक छोड़नी पड़ रही है।
उपभोक्ताओं के अनुसार, वे सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक राशन दुकान पर इंतजार करते रहते हैं। इसके बावजूद सर्वर की समस्या के चलते एक दिन में मात्र पांच लोगों को ही राशन वितरण हो पा रहा है। दुकान से लगभग 500 उपभोक्ताओं को राशन वितरित किया जाता है, जबकि वितरण के लिए 20 से 30 तारीख तक केवल 10 दिन का समय निर्धारित बताया जा रहा है।
ऐसे में सर्वर की समस्या के कारण समय पर राशन नहीं मिलने से उपभोक्ताओं के सामने चिंता खड़ी हो गई है। गरीब और मजदूर वर्ग के लोगों का कहना है कि राशन लेने के लिए पूरा दिन इंतजार करने से उनकी रोजी-रोटी भी प्रभावित हो रही है। वहीं, निर्धारित समय में राशन नहीं मिलने पर राशन लैप्स होने की आशंका भी उपभोक्ताओं को परेशान कर रही है।
संस्था प्रबंधक ने दिया यह जवाब
इस संबंध में संस्था प्रबंधक ओमप्रकाश यादव ने बताया कि 30 तारीख के बाद यदि आगे से राशन प्राप्त होता है, तो उपभोक्ताओं को पिछले महीने का राशन वितरित किया जाएगा। अब सवाल यह है कि सर्वर की तकनीकी समस्या का समाधान कब होगा और उपभोक्ताओं को समय पर राशन उपलब्ध कराने के लिए जिम्मेदार विभाग क्या कदम उठाएगा? गरीब परिवारों को राशन के लिए बार-बार दुकान के चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए व्यवस्था में सुधार और तकनीकी समस्या का शीघ्र निराकरण जरूरी है।