चित्तौड़गढ़। चित्तौड़गढ़ अरबन को-ऑपरेटिव बैंक की प्रबंध निदेशक डॉ. वंदना वजीरानी ने करवा चौथ के पर्व पर सभी सुहागिन महिलाओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि करवा चौथ को आम बोलचाल में सुहाग पर्व भी कहा जाता है। इस दिन महिलाएं चंद्रमा की पूजा कर अपने पति की लंबी आयु और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना करती हैं।
उन्होंने कहा कि समय के साथ इस पारंपरिक पर्व की भावना में व्यापकता आई है। आज की नारी परिवार को आगे बढ़ाने में पुरुष के साथ कंधे से कंधा मिलाकर चल रही है। वह पति और परिवार की खुशहाली की कामना करने के साथ-साथ समाज और राष्ट्र की प्रगति, समृद्धि और सशक्तता की भी प्रार्थना करती है।
डॉ. वजीरानी के अनुसार, राष्ट्र खुशहाल होगा तो परिवार भी खुशहाल बनेगा। इसलिए इस करवा चौथ पर पति और परिवार की सुख-समृद्धि के साथ समाज और राष्ट्र की खुशहाली के लिए भी ईश्वर से प्रार्थना करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि महिलाओं की प्रार्थना, सकारात्मक सोच और संकल्प में वह शक्ति है, जो असंभव को भी संभव बनाने की प्रेरणा देती है।
अंत में डॉ. वंदना वजीरानी ने कामना की कि करवा चौथ का यह पावन पर्व सभी महिलाओं और उनके परिवारों के जीवन में खुशियों का नया सवेरा लेकर आए तथा समाज और राष्ट्र निरंतर प्रगति के पथ पर आगे बढ़े।