देवास। शहर में धनतेरस का पर्व बड़े ही धूमधाम और उत्साह के साथ मनाया गया। पर्व को लेकर सुबह से ही बाजारों में खरीदारी का सिलसिला शुरू हो गया, जो देर शाम तक जारी रहा। लोग अपने घरों से निकलकर बाजारों में पहुंचे और शुभ मुहूर्त में जमकर खरीदारी की।
कहीं सोने-चांदी के आभूषणों की खरीदारी हुई तो कहीं बर्तन, इलेक्ट्रॉनिक सामान और घरों की सजावट से जुड़ी वस्तुओं की जमकर बिक्री हुई। बाजारों में हर तरफ चहल-पहल और उत्साह का माहौल देखने को मिला। त्योहार की रौनक लोगों के चेहरों पर साफ नजर आई, वहीं अच्छी ग्राहकी से दुकानदारों के चेहरों पर भी खुशी दिखाई दी।
धनतेरस के अवसर पर नगर निगम द्वारा शहर के प्रमुख मार्ग एमजी रोड को आकर्षक विद्युत सजावट और रंग-बिरंगी लाइटिंग से सजाया गया, जिससे बाजार की खूबसूरती और बढ़ गई। रोशनी से जगमगाते बाजार और खरीदारी के लिए उमड़ी भीड़ ने देवास में दीपावली के उत्सव को और भी खास बना दिया।