देवास। जिले में अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस अधीक्षक आदित्य मिश्रा के निर्देश पर लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में इंडस्ट्रियल एरिया थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गीताश्री ड्रीम सिटी कॉलोनी स्थित एक किराए के मकान पर दबिश दी। पुलिस ने मकान से 16 पेटी अवैध शराब जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
थाना प्रभारी अमित सोलंकी ने बताया कि इंडस्ट्रियल एरिया थाना क्षेत्र की गीताश्री ड्रीम सिटी कॉलोनी में एक किराए के मकान में अवैध शराब का भंडारण किया गया था।
सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर दबिश दी। तलाशी के दौरान मकान से करीब 16 पेटी अवैध शराब बरामद हुई। पुलिस ने मौके से आरोपी राहुल उर्फ टोनी पिता करण सिंह ठाकुर को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी अवैध शराब से संबंधित प्रकरण दर्ज है।
पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर अवैध शराब के स्रोत और उसकी सप्लाई से जुड़े नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है। आरोपी का रिमांड लेकर पूछताछ की जाएगी, ताकि यह जानकारी सामने आ सके कि शराब कहां से लाई जाती थी और किन-किन क्षेत्रों में इसकी सप्लाई की जा रही थी। साथ ही इस कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।