चित्तौड़गढ़। हिंदुस्तान जिंक लिमिटेड में वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए बोनस, एक्सग्रेशिया एवं गुडविल जेस्चर को लेकर कंपनी प्रबंधन और हिंदुस्तान जिंक वर्कर्स फेडरेशन के बीच समझौता संपन्न हुआ। समझौते के अनुसार स्थायी श्रमिकों को समान रूप से 1 लाख 66 हजार 500 रुपये की एक्सग्रेशिया राशि दी जाएगी।
इसी तरह माइंस में कार्यरत ठेका श्रमिकों को भी समान रूप से 1 लाख 8 हजार 500 रुपये की राशि मिलेगी। वहीं, फैक्ट्री एवं सरफेस पर कार्यरत ठेका श्रमिकों को एक माह के वास्तविक वेतन के साथ 28 हजार रुपये गुडविल जेस्चर के रूप में दिए जाएंगे। अगुचा माइंस के ऑपरेटरों को 29 हजार रुपये की राशि गुडविल जेस्चर के रूप में मिलेगी।
समझौते पर कंपनी प्रबंधन की ओर से सीईओ अमरेंदु प्रकाश, सीएचआरओ मुनीश वासुदेवा, सीएफओ अमित गुप्ता, सीओओ किशोर एस., सीएफओ माइनिंग पुनीत चौधरी, सीएचआरओ-ऑपरेशन्स मोहम्मद अली तथा एचआर टीम के सदस्य अक्षत यादव, अनूप कुमार, सौरभ मिश्रा, ममता शर्मा, सुमन सौरव एवं परवेज पठान ने हस्ताक्षर किए।
वहीं, हिंदुस्तान जिंक वर्कर्स फेडरेशन की ओर से अध्यक्ष यू.एम. शंकर दास, महामंत्री कल्याण सिंह शक्तावत, सह महामंत्री प्रकाश श्रीमाल, मांगीलाल अहीर, मदनेस लोढ़ा, घनश्याम सिंह राणावत, महेंद्र सोनी, लालूराम मीणा एवं रणजीत सिंह ने समझौते पर हस्ताक्षर किए।
इस समझौते से कंपनी के स्थायी एवं ठेका श्रमिकों को वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए निर्धारित राशि का लाभ मिलेगा।