नीमच। मालवा की वैष्णो देवी के नाम से प्रसिद्ध महामाया भादवा माता के मंदिर में दीपोत्सव के अवसर पर माता रानी का भव्य एवं आकर्षक श्रृंगार किया गया। इस खास अवसर पर मंदिर के दरबार को 5 लाख 51 हजार रुपये के नोटों से सजाया गया, जो श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।
नीमच जिला मुख्यालय से करीब 18 किलोमीटर दूर स्थित भादवा माता मंदिर में शारदीय नवरात्रि के बाद अब दीपावली के अवसर पर भी भक्तों की भीड़ उमड़ रही है। माता रानी के दिव्य श्रृंगार के दर्शन करने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंच रहे हैं। मंदिर में आस्था और भक्ति का माहौल बना हुआ है।