मालखेड़ा। गांव में सड़क निर्माण कार्य के दौरान उड़ती धूल से परेशान ग्रामीणों ने चक्का जाम कर दिया। ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क निर्माण कर रहा ठेकेदार नियमित रूप से पानी का छिड़काव नहीं करवा रहा है, जिसके कारण सड़क पर भारी मात्रा में धूल उड़ रही है। इससे दुकानदारों सहित आम ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार, सड़क से तेज रफ्तार में गुजरने वाले वाहनों के कारण धूल और अधिक उड़ती है। इससे दुकानों में धूल जमा हो रही है और आसपास के लोगों को भी परेशानी हो रही है। ग्रामीणों ने ठेकेदार से सड़क पर नियमित रूप से पानी का छिड़काव कराने की मांग की।
चक्का जाम की सूचना पर प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों को पानी का टैंकर भेजने का आश्वासन दिया, जिसके बाद जाम खुलवाया गया। हालांकि, ग्रामीणों का कहना है कि आश्वासन के करीब दो घंटे बाद भी पानी का टैंकर मौके पर नहीं पहुंचा। इससे लोगों में नाराजगी बनी हुई है।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही समस्या का समाधान नहीं किया गया और सड़क पर नियमित पानी का छिड़काव शुरू नहीं हुआ, तो वे दोबारा चक्का जाम कर सकते हैं। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों से मामले में हस्तक्षेप कर संबंधित ठेकेदार एवं अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देने और समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की है।