सरवानिया महाराज। पांच दिवसीय दीपोत्सव के आगाज के साथ ही सरवानिया महाराज का बाजार पूरी तरह गुलजार हो उठा है। धनतेरस के अवसर पर शुक्रवार को सुबह से लेकर देर रात तक बाजार में रौनक देखने को मिली। त्योहार के पहले ही दिन अच्छी ग्राहकी से व्यापारियों के चेहरे खिले नजर आए। अब व्यापारियों को उम्मीद है कि शनिवार को रूप चौदस (नरक चतुर्दशी) के अवसर पर सौंदर्य प्रसाधन और रेडीमेड कपड़ों के बाजार में भी अच्छी खरीदारी होगी।
परंपरागत और आधुनिक सामानों की जमकर खरीदारी-
धनतेरस के शुभ मुहूर्त पर नागरिकों ने परंपरा का निर्वहन करते हुए सोने-चांदी के आभूषणों, सिक्कों और बर्तनों की जमकर खरीदारी की। सराफा और बर्तन दुकानों पर ग्राहकों की अच्छी भीड़ रही। इसके साथ ही इलेक्ट्रॉनिक्स शोरूम और कपड़ों की दुकानों पर भी खरीदारों का उत्साह दिखाई दिया। दीपावली पूजन के लिए मिट्टी के दीपक, लक्ष्मी-गणेश की प्रतिमाएं, रंगोली, बंधनवार और फूल-मालाओं की अस्थायी दुकानों पर ग्रामीण क्षेत्रों से आए खरीदारों की भीड़ लगी रही। धनतेरस पर झाड़ू खरीदने की परंपरा के चलते झाड़ू विक्रेताओं के यहां भी अच्छी ग्राहकी रही और कई दुकानदारों का स्टॉक शाम होने से पहले ही खत्म हो गया।
गेंदे के फूलों और मालाओं ने खींचा लोगों का ध्यान-
दीपोत्सव के अवसर पर सड़क किनारे जगह-जगह फूल-मालाओं की दुकानें और रेहड़ियां सजी नजर आईं। इन पर सजे पीले और नारंगी गेंदे के फूल लोगों के आकर्षण का केंद्र बने रहे। दीपावली पूजन और घरों की सजावट के लिए लोगों ने फूल-मालाओं की जमकर खरीदारी की। अच्छी बिक्री से फूल विक्रेताओं के चेहरे भी खिले नजर आए।
ऑटोमोबाइल बाजार में रौनक, पुराने वाहनों की भी बढ़ी मांग-
इस बार ऑटोमोबाइल सेक्टर में भी अच्छी ग्राहकी देखने को मिली। शोरूमों को नए दोपहिया वाहनों से आकर्षक ढंग से सजाया गया था। शुभ मुहूर्त में वाहन खरीदने और डिलीवरी लेने के लिए ग्राहक पहुंचे। खास बात यह रही कि नए वाहनों के साथ-साथ पुराने यानी सेकेंड हैंड वाहनों की खरीदारी में भी लोगों ने रुचि दिखाई। पुराने वाहन विक्रेताओं के यहां भी दिनभर सौदे होते रहे।
सुरक्षा के मद्देनजर स्कूल परिसर में सजा पटाखा बाजार-
पटाखों की दुकानों को लेकर सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर प्रशासन ने आबादी क्षेत्र से दूर उपरेड़ा रोड स्थित शासकीय माध्यमिक विद्यालय (सांदीपनि) परिसर में पटाखा बाजार लगवाया है। यहां प्रशासन द्वारा जारी लाइसेंस के आधार पर लगभग एक दर्जन दुकानें सजाई गई हैं। शाम होते ही आतिशबाजी खरीदने के लिए लोगों की आवाजाही शुरू हो गई।
त्योहारी रौनक के बीच यातायात व्यवस्था बदहाल, दिनभर लगता रहा जाम-
बाजार में दीपावली की रौनक के बीच यातायात व्यवस्था को लेकर अव्यवस्थाएं भी सामने आईं। स्थानीय पुलिस चौकी होने के बावजूद शहर के सबसे व्यस्त मार्गों में शामिल नीमच-सिंगोली मार्ग पर यातायात व्यवस्था संभालने के लिए पुलिस जवानों की पर्याप्त तैनाती नजर नहीं आई।
धामनिया-लासूर चौराहे से लेकर दरवाजा, पीपली चौक, जावी चौराहा, मिडिल स्कूल क्षेत्र, बस स्टैंड, समिति चौराहा और पंचमुखी हनुमान मंदिर तक वाहनों का दबाव बना रहा। चारपहिया और दोपहिया वाहनों की आवाजाही के चलते इस मार्ग पर दिनभर रुक-रुककर जाम लगता रहा। कई बार स्थिति ऐसी बनी कि वाहन चालकों और स्थानीय रहवासियों को स्वयं आगे आकर यातायात सुचारू करवाना पड़ा।
यातायात व्यवस्था प्रभावित होने से दुकानदारों, राहगीरों, महिलाओं और बच्चों को परेशानी का सामना करना पड़ा। त्योहार के व्यस्त समय में प्रमुख चौराहों पर पुलिस की अनुपस्थिति को लेकर लोगों ने नाराजगी जताई। नागरिकों ने पुलिस प्रशासन से आगामी दिनों में बाजार क्षेत्र में यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने और प्रमुख चौराहों पर जवानों की तैनाती सुनिश्चित करने की मांग की है।