भोपाल। मध्यप्रदेश में ई-अटेंडेंस को लेकर शिक्षकों के विरोध के बीच स्कूल शिक्षा विभाग ने नियमित ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज करने वाले शिक्षकों को प्रोत्साहित करने का फैसला किया है। अब ‘हमारे शिक्षक’ ऐप का नियमित और सही तरीके से इस्तेमाल करने वाले शिक्षकों को विभाग की ओर से डिजिटल प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा।
इसमें समय पर ई-अटेंडेंस लगाने के साथ ऐप के जरिए अवकाश आवेदन और अन्य विभागीय कार्य करने वाले शिक्षक शामिल होंगे।
शुक्रवार को लोक शिक्षण संचालनालय में आयोजित समीक्षा बैठक में स्कूल शिक्षा विभाग के सचिव डॉ. गोयल ने अधिकारियों को इस संबंध में निर्देश दिए। उन्होंने ‘हमारे शिक्षक’ ऐप की उपलब्धियों पर प्रसन्नता जताते हुए कहा कि नियमित और समयबद्ध उपस्थिति दर्ज करने वाले शिक्षकों को ऐप के माध्यम से ही डिजिटल प्रशस्ति पत्र प्रदान किए जाएं।
शिक्षा की गुणवत्ता पर जोर
सचिव ने कहा कि शिक्षकों की नियमित उपस्थिति गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की आधारशिला है। इससे स्कूलों में शिक्षण कार्य व्यवस्थित रहता है और विद्यार्थियों में अनुशासन एवं समयबद्धता की भावना विकसित होती है।
विभाग का मानना है कि इस पहल से डिजिटल व्यवस्था को बढ़ावा मिलने के साथ शिक्षकों में जवाबदेही और कर्तव्यनिष्ठा भी मजबूत होगी।
बैठक में आयुक्त लोक शिक्षण अभिषेक सिंह, अपर मिशन संचालक नंदा भलावे कुशरे, संचालक डॉ. कामना आचार्य सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।