दीपावली के दौरान ट्रेनों में यात्रियों की भीड़ का फायदा उठाकर अतिरिक्त कमाई करने वाले तीन टीटीई पर रेलवे ने कार्रवाई की है। पश्चिम मध्य रेलवे की विजिलेंस टीम ने शुक्रवार को ओवरनाइट एक्सप्रेस और हावड़ा मेल में अचानक जांच की।
इस दौरान तीन टीटीई के पास निर्धारित राशि से 18 हजार रुपए ज्यादा मिले। विजिलेंस ने तीनों के खिलाफ प्रकरण बनाकर रेल मंडल को सौंपा। इसके बाद DRM ने तीनों को निलंबित कर दिया।
निलंबित किए गए टीटीई के नाम राजेश कुमार, उदयराज कुशवाहा और सीटीआई वीके सिन्हा हैं। बताया जा रहा है कि त्योहार के कारण ट्रेनों में यात्रियों की भारी भीड़ चल रही है। कंफर्म टिकट नहीं मिलने पर यात्री सीट के लिए परेशान हो रहे हैं। आरोप है कि इसी स्थिति का फायदा उठाकर कुछ टीटीई यात्रियों से सीट उपलब्ध कराने के बदले रुपए ले रहे थे।
शिकायतों के बाद विजिलेंस ने बढ़ाई निगरानी
ट्रेनों में सीट दिलाने के नाम पर रुपए लेने की शिकायतें लगातार मिल रही थीं। इसके बाद विजिलेंस टीम ने ट्रेनों में निगरानी और जांच तेज कर दी। शुक्रवार को टीम ने ओवरनाइट एक्सप्रेस और हावड़ा मेल में अचानक सर्चिंग की। जांच में तीनों टीटीई के पास निर्धारित हिसाब से 18 हजार रुपए अतिरिक्त मिले।
विजिलेंस ने बनाया प्रकरण, DRM ने किया सस्पेंड
विजिलेंस टीम ने तीनों टीटीई के खिलाफ प्रकरण तैयार कर रेल मंडल को सौंपा। इसके आधार पर निलंबन की कार्रवाई की गई है। सीनियर डीसीएम शशांक गुप्ता ने बताया कि विजिलेंस ने तीन टीटीई को पकड़ा है। उनके पास अधिक रकम मिलने के बाद उन्हें निलंबित किया गया है। मामले में आगे की जांच जारी है।