मंदसौर। दीपावली महापर्व के पावन अवसर पर जिला धार्मिक उत्सव समिति मंदसौर के तत्वावधान में नगर के लगभग 500 वर्ष से अधिक प्राचीन श्री लक्ष्मी-नारायण मंदिर में भव्य धार्मिक आयोजन श्रद्धा, भक्ति एवं उत्साह के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर भगवान श्री लक्ष्मी-नारायण को नवीन पोशाक एवं पावन ध्वजा समर्पित की गई तथा भव्य महाआरती का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ नयापुरा रोड स्थित श्री बालाजी मंदिर (जाटों का मंदिर) में विधिवत पूजा-अर्चना के साथ हुआ। इसके पश्चात ढोल-ढमाकों, भजन-कीर्तन एवं भगवान के जयघोषों के साथ विशाल धार्मिक यात्रा प्रारंभ हुई। श्रद्धालु हाथों में पावन ध्वजा लेकर भक्तिमय वातावरण में श्री लक्ष्मी-नारायण मंदिर पहुंचे। मार्ग में जय श्री लक्ष्मी-नारायण के गगनभेदी जयघोषों से पूरा वातावरण धर्ममय हो गया।
मंदिर पहुंचकर भगवान श्री लक्ष्मी-नारायण का विधिवत पूजन-अर्चन किया गया। पूज्य संतो के सान्निध्य में भक्तिमय भजन-कीर्तन हुआ तथा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भगवान की दिव्य महाआरती संपन्न कराई गई। इसके पश्चात भगवान को नवीन पोशाक एवं पावन ध्वजा समर्पित की गई। उपस्थित श्रद्धालुओं ने भगवान के दर्शन कर नगर एवं समस्त नागरिकों के सुख, शांति, समृद्धि एवं खुशहाली की मंगलकामना की।
इस अवसर पर जिला धार्मिक उत्सव समिति के विनय दुबेला, विनोद मेहता एवं कमलेश जैन ने बताया कि दीपावली के पावन पर्व पर माता लक्ष्मी एवं भगवान श्री नारायण को नवीन पोशाक अर्पित करने तथा प्राचीन धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से यह आयोजन किया गया। ऐसे आयोजन समाज में धार्मिक चेतना, सांस्कृतिक विरासत, सामाजिक समरसता एवं आपसी एकता को सुदृढ़ करने के साथ ही नई पीढ़ी को अपनी आस्था और परंपराओं से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।
कार्यक्रम में पूज्य गुरुदेव दशरथ भाईजी शर्मा, पूज्य गुरुदेव स्वामी मृत्युंजय चौतन्य महाराज, पंडित शैलेश उपाध्याय, पूज्य अनीता दीदी, पंडित विशाल जोशी,वरदीचंद कुमावत, विनोद मेहता, ब्रजेश जोशी, विनय दुबेला, गोपाल सिंह राजावत, कमलेश नागदा, रूपनारायण मोदी, मुकेश आर्य, अनिल गुप्ता, कमलेश जैन, राजेंद्र चाष्ठा, हरिश सालवी, डॉ. रविन्द्र पांडे, हरिराव जाधव, सीमा चौरड़िया, निर्मला गुप्ता, नंदकिशोर राठौर, शंभुसेन राठौर, घनश्याम सोनी, प्रकाश कल्याणी, मनोज चौधरी, सुनील बंसल, बंशीलाल टाक, कोमल दुग्गड़, सोनिया जैन, नेहा जैन, नटवर पारीख, प्रदीप गुप्ता, अशोक पालीवाल, महेंद्र सिंह सिसोदिया, गोपाल राव, राजेश चौहान, राघवेंद्र सिंह तोमर, राजेश खींची, इष्ठा भचावत, सचिन जैन, संजय परमार, आनंद श्रीवास्तव, विकास बसेर, नरेंद्र कुमावत, यशपाल सिंह पवार, गोविंद नागदा, राजाराम तंवर, निरंजन भारद्वाज, कृष्ण कुमार बाहेती, भूपेंद्र सिंह चंद्रावत, बी.एस. सिसोदिया, लता मेहता, राधा नागदा, दिलीप जैन, राजेंद्र सिंह पंवार, निरंजन भारद्वाज, निरंजन रत्नावत, राजपाल सिंह, महेश सोमानी, दिलीप काले, सुरेश देवड़ा एवं सुनीता बंडी सहित अनेक धर्मप्रेमी एवं श्रद्धालुजन उपस्थित रहे।
दीपोत्सव के पावन अवसर पर आयोजित यह धार्मिक समारोह नगर में धर्म, संस्कृति, सामाजिक एकता एवं भक्ति का अनुपम संगम बना। भगवान श्री लक्ष्मी-नारायण के जयघोषों और मंगल आरती के साथ संपूर्ण वातावरण भक्तिमय हो उठा। कार्यक्रम का संचालन कमलेश जैन ने किया एवं आभार जिला धार्मिक उत्सव समिति के अध्यक्ष वर्दीचंद कुमावत ने माना उक्त जानकारी मांगीलाल विश्वकर्मा द्वारा दी गई।