उज्जैन। टीवी के लोकप्रिय धारावाहिक ‘तारक मेहता का उल्टा चश्मा’ में अय्यर का किरदार निभाकर घर-घर में पहचान बनाने वाले अभिनेता तनुज महाशब्दे शनिवार को बाबा महाकाल की नगरी उज्जैन पहुंचे। यहां उन्होंने भगवान महाकालेश्वर के दर्शन किए और जलद्वार पर जलाभिषेक कर आशीर्वाद लिया। इस दौरान उनके 80 वर्षीय पिता भी साथ मौजूद रहे। मंदिर समिति की ओर से अभिनेता का स्वागत किया गया।
दर्शन के बाद मीडिया से चर्चा करते हुए तनुज महाशब्दे ने कहा कि बाबा महाकाल के दर्शन से उन्हें उम्मीद से कहीं ज्यादा खुशी मिली है। इस दिव्य अनुभव को शब्दों में बयां करना मुश्किल है।
धारावाहिक में साइंटिस्ट का किरदार निभाने वाले तनुज ने कहा कि विज्ञान कितना भी आगे बढ़ जाए, भगवान की महिमा सबसे ऊपर है। भगवान महाकाल सर्वाेपरि हैं और उनका स्मरण करते हुए जीवन में आगे बढ़ना चाहिए।
सिंहस्थ-2028 के लिए दिया न्योता
सिंहस्थ महापर्व-2028 की तैयारियों को लेकर अभिनेता ने कहा कि उज्जैन में निर्माण कार्य और व्यवस्थाओं पर काम चल रहा है। उन्होंने देशभर के श्रद्धालुओं से उज्जैन पहुंचकर सिंहस्थ का लाभ लेने की अपील की।
माता-पिता की सेवा का दिया संदेश
तनुज महाशब्दे ने प्रशंसकों और देशवासियों को संदेश देते हुए कहा कि सभी स्वस्थ रहें और अपने माता-पिता का ध्यान रखें। उनकी सेवा करें और उनका आशीर्वाद लेकर जीवन में आगे बढ़ें। उन्होंने लोगों से अवसर मिलने पर बाबा महाकाल के दर्शन करने उज्जैन आने की अपील भी की।