नीमच। पंचायतों के उप निर्वाचन-2022 में पारदर्शिता और निष्पक्षता के लिए गठित जिला स्तरीय स्टैंडिंग कमेटी की बैठक कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी मंयक अग्रवाल के मार्ग दर्शन में अपर कलेक्टर नेहा मीना की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभाकक्ष नीमच में बुधवार को सम्पन्न हुई। बैठक में पुलिस अधीक्षक, सूरज कुमार वर्मा, उप जिला निर्वाचन अधिकारी पी.एल. देवडा, एसडीएम डॉ.ममता खेडे, सहित मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय दल एवं राज्यस्तरीय मान्यता प्राप्त दल के पदाधिकारी उपस्थित थे।
बैठक में एडीएम नेहा मीना ने कहा, कि पारदर्शी, निष्पक्ष, स्वंत्रत एवं शांतिपूर्ण निर्वाचन के लिए आदर्श आचरण संहिता का कड़ाई से पालन किया जाना चाहिए। स्टैंडिंग कमेटी की बैठक में आदर्श आचरण संहिता, दण्ड प्रक्रिया संहिता-1973 की धारा-144 के तहत प्रतिबंधात्मक निषेधाज्ञा, मध्यप्रदेश कोलाहल अधिनियम-1985, संपत्ति विरूपण निवारण अधिनियम-1994 की धारा-3 आदि की जानकारी के साथ ही निर्वाचन प्रक्रिया तथा निर्वाचन कार्यक्रम की जानकारी के महत्वपूर्ण बिन्दुओं से स्टैंडिंग कमेटी के पदाधिकारियों को अवगत कराया गया।
बैठक में पंचायत निर्वाचन (उत्तरार्द्ध) वर्ष-2022 कार्यक्रम , जनपद पंचायतवार अंतिम प्रकाशन, मतदाताओं की संख्या, आदर्श आचरण संहिता प्रभावशील होने तथा निर्वाचन कार्यक्रम, रिटर्निग ऑफीसर एवं सहायक रिटर्निग ऑफीसर की नियुक्ति, सहित अन्य संबंधित दस्तावेज एवं नाम निर्देशन पत्र प्रारूप आदि आयोग द्वारा अभ्यर्थियों, शासकीय सेवकों तथा त्रि-स्तरीय पंचायतों के पदाधिकारियों के लिए पृथक-पृथक आचार संहिता संबंधी जानकारी दी गई। बैठक में पवन कुमार दुबे, बृजेश मित्तल, डॉ.डी.आर.करेसिया, गिरजा शंकर परिहार एवं अन्य सदस्यगण उपस्थित थे।