मध्यप्रदेश के कई शहरों में गुरुवार को भी मावठा गिर सकता है। बंगाल की खाड़ी में बने साइक्लोन मैंडूस के असर से इंदौर संभाग के अलावा हरदा-बैतूल में अगले 24 घंटे में बूंदाबांदी होने के आसार हैं। इधर, सूरज नहीं निकलने से दिन का तापमान रात के पारे के बराबर आ गया है। मौसम वैज्ञानिकों ने बताया कि 16 और 17 दिसंबर को रात के तापमान में गिरावट होगी और ठंड का असर बढ़ जाएगा।
मौसम वैज्ञानिकों की मानें तो अरब सागर के पूर्वी मध्य हिस्से में मैंडूस सक्रिय है। दक्षिण पूर्वी और दक्षिण पश्चिमी के साथ बंगाल की खाड़ी से नमी आ रही थी। अब अरब सागर से भी नमी मिल रही है। इसके कारण इंदौर, खंडवा, नर्मदापुरम, शहडोल और सागर भोपाल के नवीबाग, दमोह, बैतूल और छिंदवाड़ा में बारिश ज्यादा हुई। इन इलाकों में 5 से 6 डिग्री के तापमान की गिरावट दर्ज की गई है। वहीं, पिछले 24 घंटे में बड़वानी, शाजापुर, रायसेन, सागर, सीहोर और उज्जैन जिले के कई हिस्सों में हल्की बौछारें गिरीं। ऐसी ही स्थिति गुरुवार को इंदौर संभाग में बन सकती है।
इंदौर संभाग के धार, झाबुआ, अलीराजपुर, खरगोन, बड़वानी, बुरहानपुर, खंडवा के अलावा हरदा और बैतूल में हल्की बूंदाबांदी के आसार है।