मंदसौर। प्रमुख सचिव (खाद्य) उमाकांत उमराव एवं संचालक (खाद्य ) दीपक सक्सेना द्वारा दिए गए निर्देशों के पालन में कलेक्टर गौतम सिंह के मार्गदर्शन एवं जिला आपूर्ति अधिकारी आर सी जांगड़े के नेतृत्व में दिनांक 14 दिसम्बर 2022 को खाद्य विभाग मंदसौर की टीम द्वारा मंदसौर शहर के स्टेशन रोड एवं बस स्टैंड क्षेत्र में घरेलू गैस के अवैध दुरुपयोग करते पाए जाने पर छापामार कार्यवाई की गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार जिला आपूर्ति अधिकारी आर सी जांगड़े के नेतृत्व में दिल्ली दरबार बस स्टैंड, श्याम भोजनालय स्टेशन रोड, श्रीनाथ होटल पुराना बस स्टैंड आदि कुल 08 होटलों से 13 नग घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए गए।
जिला आपूर्ति अधिकारी आर सी जांगड़े द्वारा बताया गया कि उक्त सभी होटल संचालको द्वारा घरेलू गैस सिलेंडरों का व्यवसायिक उपयोग करते हुए शासन को राजस्व की हानि पहुचाई गई है। उक्त सभी होटल संचालको के विरुद्ध आवश्यक वस्तु अधिनियम की विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर कार्यवाई की जा रही है। घरेलू गैस के अवैध भंडारण एवं दुरुपयोग करने वालो पर इस प्रकार कार्यवाई निरन्तर चलती रहेगी।
छापामार कार्यवाई में कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी नारायण सिंह चंद्रावत, कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी आराधना खड़िया तथा कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी अनमोल जैन का सराहनीय योगदान रहा।