नीमच। संविदा स्वास्थ्य अधिकारी एवं कर्मचारी संघ तथा कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर की नीमच इकाई के अधिकारी और कर्मचारियों ने आज से अपनी विभिन्न मांगों को लेकर प्रदेश व्यापी अनिश्चित हड़ताल शुरू कर दी है।
वर्षों से सेवारत अधिकारी और कर्मचारियों का कहना है कि वे शासन से अपनी लंबित मांगों के लिए लगातार संघर्ष कर रहे हैं, लेकिन सरकार इसे पूरा करने के लिए कोई ध्यान नहीं दे रही है। इनकी मांग है कि राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के संविदा अधिकारी और कर्मचारियों को नियमित किया जाए। आउट सोर्स एजेंसी में किए गए स्टाफ और कर्मचारियों को पुनः राष्ट्रीय मिशन में समायोजन किया जाए। सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों को मिड लेवल हेल्थ प्रोवाइडर में नियमित किया जाए। कार्यालय एनएचएम आदेश को हेल्थ एंड वैलनेस सेंटर के हित में तत्काल प्रभाव से रद्द किया जाए। सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी से संबंधित कार्य दायित्व के स्पष्ट निर्देश जारी किए जाए। यह लोग नीमच में नेहरू बाल उद्यान में आज से धरने पर बैठे है।
जिले में संविदा स्वास्थ्य अधिकारी एवं कर्मचारियों की संख्या 350 के करीब है। इनके हड़ताल पर जाने से टीकाकरण, अस्पताल की रूटीन ड्यूटी, बच्चों के आईसीयू, टीबी, आरबीएसके एवं समस्त राष्ट्रीय कार्यक्रम आदि पूरी तरह प्रभावित होंगे। जिसका असर स्पष्ट तौर पर जनता पर पड़ेगा। हड़ताल पर जाने वालों में सीएचओ, स्टाफ नर्स एवं एनएम शामिल है।
धरना प्रदर्शन के दौरान अनिल कुमार डूंगरवाल, सत्यनारायण यदुवंशी, द्रोपदी धाकड़, एमएल पाटीदार, कैलाश कनावर, दिनेश मालवीय, अनामिका निगवाल, अली असगर गोहर, माणक नागदा, चंद्रपाल सिंह राठौड़ आदि सदस्य मौजूद रहे।