नीमच। मुख्यमंत्री जन सेवा अभियान आम आदमी के जीवन में बदलाव लाने वाला अभियान है, इसके माध्यम से लोगों तक लाभ पहुंचाकर उनके जीवन में खुशियां बढ़ाने का काम प्रदेश सरकार कर रही है। यह आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश की ओर बढ़ता कदम है । हम सब मिलकर जावद क्षेत्र को सबसे पहले आत्मनिर्भर बनाने का संकल्प लें यह बात प्रदेश के सूक्ष्म लघु मध्यम उद्यम विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्री ओमप्रकाश सखलेचा ने मोरवन में गुरुवार को मुख्यमंत्री जन सेवा अभियान के तहत आयोजित विकासखंड स्तरीय शिविर में विभिन्न हितग्राही मूलक योजनाओं के हितग्राहियों को लाभ पत्र वितरित करते हुए कही। इस मौके पर कलेक्टर मयंक अग्रवाल, पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार वर्मा, अर्जुन माली, जसवंत बंजारा, सचिन गोखरू, श्याम काबरा, जनपद अध्यक्ष गोपाल चारण, नगर पंचायत जावद के अध्यक्ष सोहनलाल माली, नगर पंचायत नयागांव के अध्यक्ष मुकेश जाट, नगर पंचायत सरवानिया के अध्यक्ष रूपेंद्र जैन, गंगाराम सुरावत, नगर पंचायत रतनगढ़ के प्रतिनिधि कचरू लाल गुर्जर, एसडीएम शिवानी गर्ग एवं जनप्रतिनिधि गण उपस्थित थे।
मंत्री सखलेचा ने अपने उद्बोधन में कहा कि, मुख्यमंत्री जन सेवा अभियान के तहत जावद क्षेत्र में 40642 आवेदन प्राप्त हुए थे, इनमें से 38650 हितग्राहियों को स्वीकृति का लाभ मिला है। उन्होंने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को इस अभियान के तहत आम हितग्राहियों को लाभान्वित करने के लिए आभार व्यक्त करते हुए सभी विभागों के अधिकारी कर्मचारियों और मैदानी अमले की सराहना करते हुए बधाई दी। उन्होंने कहा कि, इस अभियान में आंगनबाड़ी एवं आशा कार्यकर्ताओं ने भी सराहनीय योगदान दिया है।
मंत्री सखलेचा ने कहा कि, यदि किसी हितग्राही के आयुष्मान कार्ड बनने में कोई समस्या है और उसे त्वरित उपचार सहायता की आवश्यकता है ऐसे मामलों में उन्हें अवगत कराया जाए वह अपनी स्वेच्छा अनुदान निधि से संबंधित को उपचार सहायता प्रदान करेंगे। इसी तरह वरिष्ठ नागरिकों को पेंशन स्वीकृति में यदि किसी प्रकरण में कोई पात्रता की समस्या आ रही है तो ऐसे वरिष्ठ नागरिकों को भी पेंशन की सहायता प्रदान करने के लिए शासन स्तर पर प्रयास किए जाएंगे। धारणाधिकार के तहत सरकार द्वारा न केवल आवासीय पट्टे प्रदान किए जा रहे हैं बल्कि संबंधित हितग्राहियों को धारणाधिकार पट्टे की रजिस्ट्री करवा कर भी प्रदान की जाएगी। इससे उन्हें जमीन का मालिकाना हक भी मिलेगा और वह उक्त जमीन पर मकान व अन्य कारणों से बैंकों से ऋण भी प्राप्त कर सकेगें।
मंत्री सखलेचा ने कहा कि, जावद क्षेत्र में सभी ग्राम पंचायतों में घर-घर कचरा संग्रहण के लिए स्वच्छता रथ प्रदान किए गए हैं। स्वच्छता अभियान बीमारियों की रोकथाम का महत्वपूर्ण अभियान है उन्होंने कहा कि, स्वस्थ जावद की पहल के तहत जावद क्षेत्र में नागरिकों के स्वास्थ्य परीक्षण के लिए दूसरे चरण का अभियान भी शीघ्र प्रारंभ किया जावेगा। मंत्री सखलेचा ने कहा कि जावद क्षेत्र खुशियों के इंडेक्स पर पूरे देश में पहले नंबर पर रहे यह हम सभी का सामूहिक प्रयास होना चाहिए। इस शिविर में मंत्री सखलेचा ने महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से 10 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को प्रतीक स्वरूप स्मार्टफोन प्रदान किए प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के तहत पांच हितग्राहियों को और लाडली लक्ष्मी योजना के तहत 10 हितग्राहियों को लाभ पत्र भी प्रदान किए। आजीविका मिशन के तहत तीन महिला स्व सहायता समूह को 4.50 लाख रुपए की राशि भी प्रदान की।
धारणाधिकार के तहत 27 हितग्राहियों को आवासीय पट्टे वितरित-
इस शिविर में मंत्री सखलेचा द्वारा धारणाधिकार योजना के तहत नयागांव सिंगोली एवं रतनगढ़ नगर पंचायत क्षेत्र के 27 हितग्राहियों को धारणाधिकार के आवासीय पट्टे भी वितरित किए। साथ ही 20 हितग्राहियों को सामाजिक सुरक्षा पेंशन के स्वीकृति पत्र एवं 8 हितग्राहियों को खाद्यान्न के लिए नवीन पात्रता पर्ची भी वितरित की गई। शिविर में एसडीएम शिवानी गर्ग के विशेष प्रयासों से स्वास्थ्य परीक्षण शिविर भी लगाया गया इस शिविर में 65 लोगों का निशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण ब्लड शुगर की जांच ब्लड प्रेशर की जांच हीमोग्लोबिन की जांच कर आवश्यकतानुसार दवाइयां प्रदान की गई।
इस मौके पर आयुष्मान निरामय भारत योजना के तहत आयुष्मान कार्ड बनाये गए और प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के तहत किसानों के ईकेवाईसी की व्यवस्था भी की गई। 6 नए आयुष्मान कार्ड बनाकर तत्काल प्रदान किए गए साथ ही श्रम कार्ड का पंजीयन भी किया गया। शिविर में विभिन्न योजनाओं के तहत हितग्राहियों के आवेदन पत्र भी प्राप्त किए गए और उनका मौके पर निराकरण किया गया। इस शिविर में कृषि उद्यानिकी स्वास्थ्य पंचायत एवं सामाजिक न्याय उद्योग सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारियों ने विभाग द्वारा संचालित विभिन्न हितग्राही मूलक योजनाओं के लाभ लेने की प्रक्रिया विस्तार से बताई। इस अवसर पर एनएसएस की छात्राओं द्वारा नशा मुक्ति अभियान पर आधारित नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया जिसे उपस्थित जनों ने सराहा।
मंत्री सखलेचा ने शिविर में उपस्थित जनों को नशा मुक्ति अभियान में अपना योगदान देने की शपथ भी दिलाई। एसडीएम शिवानी गर्ग ने शिविर आयोजन की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत की। प्रारंभ में मंत्री सखलेचा ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर शिविर का शुभारंभ किया तथा कन्याओं का पूजन भी किया तत्पश्चात उपसरपंच राजेंद्र सिंह, जनपद सदस्य मीना बाई चंदेल, भरत जाट, राकेश जाट आदि ने अतिथियों का स्वागत किया।
कार्यक्रम का संचालन सचिव रोड़ी लाल ने किया तथा अंत में जिला पंचायत के अतिरिक्त सीईओ अरविंद कुमार डामोर ने सभी का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधि गण, पंचायत पदाधिकारी, गणमान्य नागरिक, अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में क्षेत्र के हितग्राही उपस्थित थे।