चीताखेड़ा। नगर में 74 वां गणतंत्र दिवस धूमधाम से मनाया गया। सभी शासकीय व अशासकीय स्कूलों ने मिलकर पूरे गांव में वर्षों से चली आ रही परंपरा का निर्वहन करते हुए प्रभात फेरी निकाली। जिसमें देश प्रेम के नारों से गलियां चौराहे गुंजायमान रहे। प्रभात फेरी का जगह-जगह पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया।
तत्पश्चात स्कूल प्रांगण में प्राचार्य विकास सालवी ने ध्वजारोहण किया एवं उद्बोधन स्वरूप अपने विचार व्यक्त किए।
सभी स्कूली छात्र-छात्राएं शासकीय प्रांगण में एकत्रित हुए और फिर देशभक्ति से ओतप्रोत गीत और कविताएं प्रस्तुत की, जिनका उपस्थित ग्रामीणों ने सराहना की। समारोह में मुख्य अतिथि के रुप में चीताखेडा पंचायत सरपंच मंजू जैन, उपसरपंच विकास प्रजापत, विधायक प्रतिनिधि रजनीश शर्मा मंचासीन रहे। सरपंच मंजू बाई ने अपने उद्बोधन में गांव के विकास पर चर्चा की।
कार्यक्रम का संचालन जनशिक्षक प्रहलाद टेलर द्वारा किया गया। आभार जसपाल काटा प्रभारी प्रधानाध्यापक द्वारा प्रकट किया गया। गणतंत्र दिवस उत्सव समापन पर ग्राम पंचायत द्वारा मिठाई वितरित की गई।