मुरैना। झोलाछाप डॉक्टर से उपचार के दौरान एक बच्चे की मौत होने का मामला सामने आया है। मृतक बच्चे के परिजनों ने हंगामा करके मामले की शिकायत पुलिस अधिकारियों से की है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज करके मामले की जांच शुरू कर दी है।
मामला अंबाह थाना क्षेत्र के धोबाती गांव का है। जहां अभिषेक सोनी के 7 माह के बेटे को उल्टी दस्त की शिकायत थी, जिसे उपचार के लिए अंबाह लेकर आए जहां पर बिना डिग्री के नर्सिंग होम खोल कर उपचार कर रहे डॉक्टर दिनेश ने बच्चे का उपचार किया। जिसके चंद मिनट बाद ही बच्चे की और तबियत बिगड़ गई। उसके बाद झोलाछाप डॉक्टर दिनेश ने हाथ खड़े कर दिए और परिजनों को अस्पताल ले जाने की समझाइश देने लगे। जिसके बाद अभिषेक सोनी अपने 7 माह के बेटे रूपेश को लेकर हॉस्पिटल पहुंचे जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जानकारी मिलने के बाद डॉक्टर दिनेश अपने नर्सिंग होम पर ताला लगा कर फरार हो गया।
घटना को लेकर मृतक बच्चे के चाचा लोकेंद्र सैनी का कहना है कि इस बच्चे को उल्टी दस्त की शिकायत थी। जिसे दिखाने के लिए हम यहां लाए थे। इन्होंने दवाई दी उसके बाद बच्चे की तबीयत और खराब हो गई। जिसे हम हॉस्पिटल दिखाने ले गए जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया है।
वहीं अंबाह एसडीओपी परिमल मेहरा का कहना है कि उपचार के दौरान एक बच्चे की मौत हो गई है। जिस पर मर्ग कायम कर लिया है और पीएम कराया जा रहा है जिसके बाद जो भी निकल कर के सामने आता है उसी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।