झाबुआ। सांसद गुमानसिंह डामोर की अध्यक्षता में जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। सडक पर होने वाली दुर्घटनाओं को कम करने के लिए 6 नवीन ब्लैक स्पॉट का चयन किया गया। ऐसे स्थानों पर स्पीड ब्रेकर, सांकेतक, ब्लिंकर्स आदि अनिवार्य रूप से लगाने के निर्देश दिये। साथ ही बिना हेलमेट दो पहिया वाहन चालाने, मोबाईल पर बात करते हुए वाहन चलाने पर चालानी कार्यवाही करने के भी निर्देश दिये। गुड सेमेरिटन योजना के क्रियान्वयन हेतु प्रचार प्रसार करने की आवश्यकता है। जिससे की होने वाली दुर्घटनाओं में मृत्युदर को कम किया जा सके। झाबुआ के मेघनगर नाके पर शाम को अज्ञात वाहन चालक द्वारा एक महिला को टक्कर मारकर मौके से भाग गया था। महिला घायल अवस्था में मदद के लिए लोगों को आवाज लगाती रही परंतु किसी ने उसकी मदद नहीं की, उस दौरान यातायात पुलिस मित्र ट्रैफिक वार्डन मेघा बैरागी एवं चिरंजीव बैरागी को गुड सेमेरिटन योजना की जानकारी होने पर और इस योजना से प्रोत्साहित होकर इनके द्वारा घायल महिला की मदद की गई। उनके प्रोत्साहन हेतु पुलिस अधीक्षक द्वारा सम्मानित किया गया। साथ ही इस योजना का प्रचार प्रसार कर आमजन को मदद करने के लिए प्रोत्साहित किया जाये ताकि अधिक से अधिक लोगो की जान बचायी जा सकें। यातायात को सुगम बनाने एवं व्यवस्थाऐं बेहतर करने के आवश्यक निर्देश दिये। इस दौरान कलेक्टर तन्वी हुड्डा, पुलिस अधीक्षक अगम जैन, जिला पंचायत अध्यक्ष सोनल भाभर, विधायक थांदला वीरसिंह भूरिया एवं समस्त विभाग के अधिकारी एवं जनप्रतिनिधिगण उपस्थित थे।