निम्बाहेड़ा। ग्राम पंचायत गादोला में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर-2026 आमजन के लिए राहत का प्रभावी माध्यम साबित हो रहा है। शिविर के दौरान ग्राम गादोला निवासी कंचन बाई, पत्नी श्यामलाल गायरी ने अपने मकान के पट्टे से संबंधित लंबित प्रकरण अधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत किया।
कंचन बाई ने बताया कि उन्होंने करीब दो माह पूर्व मकान के पट्टे के लिए आवेदन किया था, लेकिन अब तक उन्हें पट्टा प्राप्त नहीं हुआ था। उन्होंने शिविर में उपस्थित अधिकारियों से समस्या के समाधान की मांग की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए तहसीलदार घनश्याम जरवार एवं पंचायत समिति निम्बाहेड़ा के विकास अधिकारी लक्ष्मण खटीक ने तत्काल संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद मौके पर मौजूद ग्राम विकास अधिकारी द्वारा आवश्यक दस्तावेजों की पूर्ति करवाई गई और प्रक्रिया पूर्ण होने पर कंचन बाई को तत्काल मकान का पट्टा जारी कर सौंप दिया गया।
पट्टा प्राप्त होने पर कंचन बाई ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि अब उन्हें अपने मकान का वैधानिक अधिकार प्राप्त हो गया है। उन्होंने बताया कि पट्टे के आधार पर वे भविष्य में ऋण सुविधा सहित विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ भी प्राप्त कर सकेंगी।
उन्होंने मुख्यमंत्री एवं प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ग्रामीण सेवा शिविर आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान का प्रभावी मंच बन रहे हैं और इससे ग्रामीणों को वास्तविक राहत मिल रही है।