कुकड़ेश्वर। आगामी त्यौहार मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने के उद्देश्य से कुकड़ेश्वर थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में थाना प्रभारी भीम सिंह सिसोदिया, पटवारी मुकेश गुर्जर, नगर पंचायत प्रतिनिधियों, जनप्रतिनिधियों, पत्रकार बंधुओं एवं नगर के गणमान्य नागरिकों ने भाग लिया।
बैठक में उपस्थित अधिकारियों ने सभी नागरिकों से मोहर्रम पर्व को आपसी भाईचारे, प्रेम एवं सौहार्द के साथ मनाने की अपील की। थाना प्रभारी सिसोदिया ने कहा कि त्योहारों के दौरान शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखना सभी नागरिकों की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने आमजन से किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न देने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने का आग्रह किया।
बैठक में त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, स्वच्छता, ताजिया जुलूस मार्ग, पेयजल व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर भी चर्चा की गई। उपस्थित नागरिकों एवं जनप्रतिनिधियों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।
अंत में सभी ने मोहर्रम पर्व को सौहार्द, सद्भावना और भाईचारे के साथ मनाने का संकल्प लिया तथा नगर में शांति एवं अमन-चौन बनाए रखने का संदेश दिया।