चित्तौड़गढ़। राज्य सरकार द्वारा आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान एवं जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ घर-घर तक पहुंचाने के उद्देश्य से संचालित शहरी एवं ग्रामीण सेवा शिविरों में लोगों को व्यापक राहत मिल रही है। नगर परिषद परिसर में आयोजित शहरी सेवा शिविर में क्षेत्रीय विधायक चंद्रभान सिंह आक्या, जिला कलक्टर डॉ. मंजू एवं जिला अध्यक्ष रतनलाल गाड़री ने पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया तथा आमजन से संवाद कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली।
इस अवसर पर विधायक चंद्रभान सिंह आक्या ने कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता है कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचे तथा नागरिकों को सरकारी कार्यों के लिए अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि सेवा शिविर वर्षों से लंबित मामलों के समाधान का प्रभावी माध्यम बन रहे हैं। उन्होंने नगर परिषद अधिकारियों को शहर में सड़क, बिजली, पेयजल, नाला एवं नालियों की सफाई व्यवस्था को प्राथमिकता से सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
जिला कलक्टर डॉ. मंजू ने कहा कि शिविरों के माध्यम से भूमि, आवास एवं अन्य लंबित प्रकरणों का त्वरित निस्तारण किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि 15 जुलाई तक प्राप्त सभी आवेदनों का निराकरण सुनिश्चित किया जाएगा तथा आवश्यकता पड़ने पर फॉलोअप शिविर भी आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने अधिकारियों को प्रत्येक आवेदक के कार्य को प्राथमिकता से पूरा करने के निर्देश दिए।
शिविर के दौरान नगर परिषद एवं यूआईटी द्वारा अब तक कुल 130 पट्टों का वितरण किया जा चुका है, जिससे बड़ी संख्या में नागरिकों को राहत मिली है। विभिन्न विभागों द्वारा योजनाओं की जानकारी देने के साथ मौके पर ही आवेदन प्राप्त कर उनका निस्तारण भी किया जा रहा है।
जिला अध्यक्ष रतनलाल गाड़री ने कहा कि राज्य सरकार सेवा शिविरों के माध्यम से आमजन को राहत पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयासरत है तथा लोगों को योजनाओं का सीधा लाभ मिल रहा है।
इसी क्रम में जिले की विभिन्न ग्राम पंचायतों में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविरों में भी अनेक वर्षों से लंबित समस्याओं का मौके पर समाधान किया गया। गिलूंड ग्राम पंचायत में एक छात्र की पालनहार योजना पुनः शुरू करवाई गई, जबकि कुंवालिया ग्राम पंचायत में करीब एक वर्ष पुराने भूमि विवाद का निस्तारण किया गया।
इसके अलावा रावतभाटा, निम्बाहेड़ा, बड़ीसादड़ी, डूंगला सहित जिले के विभिन्न क्षेत्रों में पेंशन, भूमि, पट्टा, बंटवारा एवं राजस्व संबंधी प्रकरणों का हाथोंहाथ समाधान कर लोगों को राहत प्रदान की गई।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, विभिन्न विभागों के अधिकारियों-कर्मचारियों एवं बड़ी संख्या में आमजन की उपस्थिति रही।