चित्तौड़गढ़। राज्य सरकार द्वारा आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान एवं जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से 12 जून से 15 जुलाई तक ग्रामीण एवं शहरी सेवा शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इन शिविरों में विभिन्न विभागों द्वारा मौके पर ही समस्याओं का निस्तारण कर पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ प्रदान किया जा रहा है।
ग्रामीण सेवा शिविरों में राजस्व, भूमि, नामांतरण, खातों के विभाजन, सीमाज्ञान, प्रमाण-पत्र जारी करने, प्रधानमंत्री आवास योजना, भूखंड आवंटन, पट्टा वितरण तथा वन एवं पशुपालन से संबंधित प्रकरणों का समाधान किया जा रहा है। साथ ही पशु स्वास्थ्य, टीकाकरण, बिजली, पेयजल, सामाजिक सुरक्षा, जनआधार, एनएफएसए, पालनहार योजना और पीएम-किसान सहित विभिन्न योजनाओं के कार्य भी किए जा रहे हैं।
शिविरों में स्वास्थ्य जांच, दवा वितरण, आयुष्मान कार्ड, मातृ-शिशु स्वास्थ्य सेवाएं, टीकाकरण एवं महिला कल्याण योजनाओं का लाभ भी उपलब्ध कराया जा रहा है।
वहीं शहरी सेवा शिविरों में पट्टा, नामांतरण, सड़क एवं स्ट्रीट लाइट सुधार, सीवर एवं नाली मरम्मत, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, विवाह पंजीयन, ट्रेड लाइसेंस और अन्य नगरीय सेवाओं से जुड़े कार्यों का निस्तारण किया जा रहा है। इसके अलावा विभिन्न योजनाओं में शुल्क एवं ब्याज में विशेष छूट भी प्रदान की जा रही है।
सेवा शिविरों के माध्यम से आमजन को एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की सेवाएं उपलब्ध हो रही हैं, जिससे वर्षों पुरानी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित हो रहा है।