इन्दौर। मध्यप्रदेश पश्चिम क्षेत्र बिजली वितरण कंपनी के प्रबंध निदेशक श्री अमित तोमर के निर्देश पर सीएम हेल्प लाइन 181 पर दर्ज होने वाली शिकायतों का तय प्रक्रिया, तत्परता, गंभीरता के साथ समाधान किया जा रहा है। इससे इंदौर जिला एवं पूरी कंपनी ए ग्रेड में है। इंदौर जिले का कार्य अच्छा होने पर दो अधिकारियों को कलेक्टर डॉ. इलैयाराजा टी ने सोमवार को विशेष रूप से सम्मानित किया। उन्होंने शहर अधीक्षण यंत्री श्री मनोज शर्मा एवं इंदौर ग्रामीण अधीक्षण यंत्री डॉ. डी.एन. शर्मा को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। कलेक्टर डॉ. इलैयाराजा टी ने कहा कि ऊर्जा विभाग के कारण ही इंदौर जिला टॉप पर बना हुआ है। उन्होंने दोनों को बधाई दी। इंदौर जिले में दोनों ही अधीक्षण यंत्री सीएम हेल्प लाइन की दैनिक समीक्षा करते हैं। ये अधिकारी जिले में 62 बिजली वितरण केंद्र के प्रभारियों से सतत संपर्क कर उपभोक्ता संतुष्टि के लिए हर संभव प्रयास करते हैं।