जबलपुर। नागरिक उपभोक्ता मार्गदर्शन मंच ने हाईटेंशन लाइन टूटने से 56 श्रद्धालुओं के हादसे के शिकार होने के मामले को गंभीरता से लेने पर बल दिया है। डा.पीजी नाजपांडे ने मांग की है कि संबंधित अधिकारियों को अविलंब निलंबित किया जाए। दरअसल, रीवा के देवतालाब स्थित शिव मंदिर के ऊपर 11 केवी की हाईटेंशन लाइन झूल रही है। समय रहते इसकी मरम्मत न करने से हादसा हो गया। ऐसे में उच्च स्तरीय जांच आवश्यक है। इस सिलसिले में मप्र विद्युत नियामक आयोग व ऊर्जा सचिव को पत्र भेजा गया है। जिसके जरिए कार्रवाई के अलावा हादसे के शिकारों को मुआवजा दिए जाने पर भी बल दिया गया है।
बिजली लाइन पर गिरा पेड़, कई जगह फाल्ट, कई क्षेत्रों में बंद हुई आपूर्ति-
बारिश से शहर में बिजली को लेकर कई जगह परेशानी हुई। कुछ क्षेत्रों में फाल्ट आने के कारण बिजली बंद हुई। एक जगह तार पर पेड़ गया इससे क्षेत्र की कुछ देर तक बिजली बंद रही है। इसी तरह रामपुर फीडर में फाल्ट आने से भी बिजली बंद रही। बारिश के चलते बुधवार को भी बिजली में आए फाल्ट से भी लोगों को परेशानी उठानी पड़ी। शहर के सभी संभागों में बिजली में फाल्ट आने से कई क्षेत्रों में बिजली बंद हुई। शिकायतों के बाद बिजली अमले ने भी बरसते पानी में फाल्ट को बनाने में जुटे रहे। बहुत से लोगों द्वारा कॉल सेंटर में भी बिजली बंद होने की शिकायतें की गई। कई जगहों पर लो वोल्टेज की समस्या उपभोक्ताओं द्वारा बताई गई। कुछ जगहों पर बारिश से बार-बार ट्रिपिंग की भी समस्या आई। कई मुख्य सड़कों पर स्ट्रीट लाइट भी बंद रही। लोगों को अंधेरा में ही सड़कों से निकालना पड़ा।