देवास। राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) आज रविवार को आयोजित की जा रही है। जिले सहित आसपास के क्षेत्रों से 2000 से अधिक छात्र-छात्राओं के परीक्षा में शामिल होने की संभावना है।
परीक्षार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन ने परीक्षा केंद्रों पर पेयजल, पेन सहित जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई हैं। साथ ही समय पर केंद्र तक पहुंचने के लिए परिवहन व्यवस्थाएं भी सुनिश्चित की गई हैं।
पुलिस विभाग द्वारा परीक्षा केंद्रों के आसपास पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। प्रमुख स्थानों पर भी पुलिसकर्मी तैनात हैं, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारू रहे और परीक्षार्थियों को किसी तरह की परेशानी न हो।
अधिकारियों ने परीक्षार्थियों और अभिभावकों से समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचने और सभी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
प्रशासन के अनुसार, परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।