नीमच। जिले की जावद विधानसभा क्षेत्र के बांगरेड़ गांव में उप स्वास्थ्य केंद्र के कार्यक्रम के दौरान सड़क निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीणों ने विधायक ओमप्रकाश सकलेचा के समक्ष नाराजगी जताई। लंबे समय से सड़क निर्माण नहीं होने से आक्रोशित ग्रामीणों ने विधायक से तीखी बहस करते हुए जल्द समस्या के समाधान की मांग की।
ग्रामीणों का कहना था कि वे कई बार ज्ञापन और आवेदन दे चुके हैं, लेकिन अब तक सड़क निर्माण का कार्य शुरू नहीं हुआ है। इसी बात को लेकर कार्यक्रम स्थल पर लोगों ने अपना विरोध दर्ज कराया।
मौके पर कुछ समय के लिए तनावपूर्ण स्थिति बन गई। ग्रामीणों ने सड़क निर्माण में हो रही देरी पर सवाल उठाए, जबकि विधायक ने उनकी बात सुनकर समस्या के समाधान का आश्वासन दिया।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो रहा है। फिलहाल क्षेत्र में सड़क निर्माण को लेकर चर्चा तेज है और ग्रामीण जल्द कार्य शुरू होने की मांग कर रहे हैं।