खरगोन। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार नगर पालिका खरगोन द्वारा मतदाता जागरूकता अभियान की गतिविधियां प्रारम्भ कर दी गई है। प्राथमिक जागरूकता के तौर पर नवीन मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में सुनिश्चित कराने के लिए शहर के 65 ऑटो पर फ्लेक्स के माध्यम से क्यूआर कोड युक्त किये गए है। ये ऑटो शहर की गली मोहल्लों में जाकर प्रचार के साथ नाम जोड़ने में भी सहयोगी होंगे। शहर में संचालित 65 ऑटो रिक्शा के पीछे फ्लेक्स व क्यूआर कोड लगाकर मतदाताओं को मतदान करने के लिए जागरूक किया जा रहा है।
नपा सीएमओ एमआर निगवाल ने बताया कि इसके लिए 100 ऑटो रिक्शा पर फ्लेक्स के माध्यम से क्यूआर कोड के डिजाईन को लगाये जाने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने बताया कि शेष ऑटो रिक्शा पर क्यूआर कोड भी लगाये जाने की कार्यवाही जारी है। नवीन मतदाता क्यूआर कोड स्कैन करके फार्म-6 में जानकारी भरकर अपने नामों को मतदाता सूची में जुड़वाने का कार्य कर सकेंगे।