नीमच। नीमच सिटी थाना क्षेत्र अंतर्गत भादवा माता के समीप रायसिंहपुरा रोड स्थित एक खेत के कुएं में अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कुएं से बाहर निकालकर जांच शुरू की।
जानकारी के अनुसार रायसिंहपुरा गांव में बिहारी बंजारा के खेत स्थित कुएं में एक व्यक्ति का शव पानी में तैरता हुआ दिखाई दिया। ग्रामीणों की सूचना पर नीमच सिटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद शव को कुएं से बाहर निकाला।
प्रारंभिक जांच में शव कुछ दिन पुराना प्रतीत हो रहा है, जिसके चलते मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। शव को ट्रैक्टर की सहायता से जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। साथ ही मृतक की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा।