नयागांव। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय नयागांव में शनिवार को उत्साह और उल्लास के साथ योग दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं नगर के गणमान्य नागरिकों ने सामूहिक योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन का संदेश दिया।
इस अवसर पर शिक्षिका मिथिला वर्मा ने योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि योग भारत की सदियों पुरानी अनमोल धरोहर है, जिसे आज पूरा विश्व अपना चुका है। उन्होंने कहा कि योग शरीर, मन और आत्मा के बीच संतुलन स्थापित करता है तथा नियमित योगाभ्यास से व्यक्ति न केवल शारीरिक रूप से स्वस्थ रहता है, बल्कि उसकी कार्यक्षमता और मानसिक एकाग्रता भी बढ़ती है।
शिक्षक संतोष पारीक ने कहा कि नियमित योग करने से मन शांत रहता है और सोचने-समझने की क्षमता विकसित होती है। वहीं शिक्षक सुधीर राठौर ने योग को सकारात्मक जीवनशैली का आधार बताते हुए कहा कि यह तन और मन दोनों को स्वस्थ रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
कार्यक्रम में शिक्षक दशरथ वाड़ीका, रेखा धाकड़, गीता वाड़ीका, देवकी महावर, राम जादौन, कन्हैयालाल परमार, शांतिलाल प्रजापति, चंदा बैरागी, प्रकाश जोशी और रिंकू सोलंकी सहित विद्यालय परिवार मौजूद रहा। कक्षा 11वीं की छात्रा प्रियंका धाकड़ ने भी योग दिवस पर अपने विचार व्यक्त किए।
इस अवसर पर नगर परिषद प्रतिनिधि लोकेश मीणा, शुभम सोनी, राहुल जैन, दीपक जोशी, सोनू परिहार, दिलीप धाकड़ सहित अनेक गणमान्य नागरिकों ने सहभागिता कर कार्यक्रम को सफल बनाया।