खरगोन। 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को कृषि उपज मंडी परिसर में जिला स्तरीय सामूहिक योग कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विधायक बालकृष्ण पाटीदार, कलेक्टर भव्या मित्तल, पुलिस अधीक्षक रविंद्र वर्मा,एएसपी शंकुतला रुहल, सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में स्कूली छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रधानमंत्री के संदेश के वाचन के साथ हुआ। इसके बाद प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में उपस्थित लोगों ने विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास किया। योग सत्र के दौरान दंडासन, श्वास क्रिया, शशांकासन, उत्तानासन, मंडूकासन, वक्रासन, मकरासन, भुजंगासन, सेतुबंधासन, पवनमुक्तासन, कपालभाति, प्राणायाम, ज्ञान मुद्रा, नाड़ी शोधन तथा मेरुदंड संबंधी योग क्रियाएं कराई गईं।
योग प्रशिक्षकों ने उपस्थित लोगों को नियमित योगाभ्यास के शारीरिक, मानसिक एवं आत्मिक लाभों की जानकारी भी दी। उन्होंने बताया कि योग न केवल शरीर को स्वस्थ रखता है, बल्कि तनाव को कम कर मानसिक शांति और सकारात्मक ऊर्जा भी प्रदान करता है।
इस अवसर पर विधायक बालकृष्ण पाटीदार ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस केवल भारत ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया में उत्साहपूर्वक मनाया जा रहा है। प्रधानमंत्री के आह्वान और संकल्प के अनुरूप जिले के सभी विकासखंडों एवं पंचायत स्तरों पर भी योग कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं। उन्होंने बताया कि जिलेभर में लगभग एक लाख से अधिक बच्चों एवं नागरिकों ने योग गतिविधियों में भाग लेकर इसका लाभ प्राप्त किया है।
उन्होंने योग दिवस में शामिल सभी प्रतिभागियों को बधाई देते हुए कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने दैनिक जीवन में योग को अपनाना चाहिए। नियमित योगाभ्यास से शारीरिक स्वास्थ्य के साथ-साथ मानसिक एवं आत्मिक संतुलन भी प्राप्त होता है, जिससे जीवन अधिक स्वस्थ और सकारात्मक बनता है।
कार्यक्रम के दौरान योग के प्रति लोगों में विशेष उत्साह देखने को मिला तथा बड़ी संख्या में उपस्थित नागरिकों ने स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया।