मोरटा-केवड़ी। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर मोरटा-केवड़ी स्थित पांडवकालीन हिमालेश्वर महादेव मंदिर परिसर में योग सेवा समिति के तत्वावधान में भव्य योग कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्राकृतिक एवं धार्मिक वातावरण में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों, युवाओं और श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर योगाभ्यास किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान शिव के पूजन-अर्चन के साथ हुआ। इसके बाद योग प्रशिक्षकों ने उपस्थित लोगों को ताड़ासन, वृक्षासन, भुजंगासन, वज्रासन, अनुलोम-विलोम, कपालभाति सहित विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया। साथ ही नियमित योग से होने वाले शारीरिक और मानसिक लाभों की जानकारी देते हुए निरोगी जीवन अपनाने का संदेश दिया।
वक्ताओं ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है और इसे दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए। नियमित योगाभ्यास से शरीर स्वस्थ रहता है, मानसिक तनाव कम होता है तथा अनेक बीमारियों से बचाव संभव होता है।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से अखिल मंडल, डॉ. प्रदीप कालाचंद, अधिकारी मुकेश दांगी, मनोज महेश्वरी, जगदीश वर्मा सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने योग को स्वस्थ एवं संतुलित जीवन का आधार बताते हुए नियमित रूप से योग करने का संकल्प लिया।