नीमच। कलेक्टर हिमांशु चंद्रा एवं अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) जावद के निर्देशन में वर्षा ऋतु एवं आगामी खरीफ सीजन को ध्यान में रखते हुए उपखंड जावद में 22 जून से 23 जुलाई 2026 तक विशेष राजस्व महाअभियान चलाया जाएगा। अभियान का उद्देश्य राजस्व प्रकरणों, रास्ता विवादों एवं अतिक्रमण संबंधी मामलों का त्वरित निराकरण करना है।
अभियान के सफल संचालन के लिए राजस्व एवं पुलिस विभाग का संयुक्त दल गठित किया गया है। दल में तहसीलदार, नायब तहसीलदार, पटवारी, कानूनगो तथा संबंधित पुलिस थानों के अधिकारी शामिल रहेंगे। संयुक्त टीम पंचायत स्तर पर पहुंचकर आमजन की समस्याओं का मौके पर निराकरण करेगी।
अभियान के दौरान अतिक्रमण संबंधी शिकायतें, जनसुनवाई एवं सीएम हेल्पलाइन में लंबित राजस्व प्रकरण, पीएम किसान योजना, फार्मर रजिस्ट्री तथा ई-केवाईसी से जुड़े मामलों का भी निराकरण किया जाएगा।
तहसीलदार नवीन गर्ग ने बताया कि महाअभियान के माध्यम से नागरिकों को राजस्व संबंधी समस्याओं में त्वरित राहत मिलेगी तथा लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित किया जाएगा।